हरिद्वार, 5 अगस्त।
उत्तरांचल पंजाबी महासभा एवं उत्तराखंड सरकार के संयुक्त तत्वावधान में आगामी 14 अगस्त को प्रेमनगर आश्रम, हरिद्वार में “विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस” का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम में प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। वहीं कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक, सतपाल महाराज, प्रदीप बत्रा तथा सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।
प्रेस क्लब हरिद्वार में आयोजित पत्रकार वार्ता में उत्तरांचल पंजाबी महासभा के प्रदेश अध्यक्ष करण मल्होत्रा और जिला अध्यक्ष प्रवीण कुमार ने बताया कि यह आयोजन देश विभाजन की पीड़ा झेलने वाले लाखों परिवारों के दर्द, संघर्ष और बलिदान को श्रद्धांजलि अर्पित करने के उद्देश्य से किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि विभाजन का दर्द आज भी लोगों की स्मृतियों में जीवित है और नई पीढ़ी को उस इतिहास से अवगत कराना समय की आवश्यकता है।
करण मल्होत्रा ने बताया कि कार्यक्रम का शुभारंभ गंगा पूजन और दीपदान से होगा। इसके बाद विभाजन के दौरान अपने प्राणों की आहुति देने वाले लोगों की स्मृति में श्रद्धांजलि एवं अरदास अर्पित की जाएगी। आयोजन स्थल पर विभाजन विभीषिका से जुड़ी दुर्लभ तस्वीरों और ऐतिहासिक दस्तावेजों की प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी, ताकि युवा पीढ़ी उस त्रासदी को समझ सके।
उन्होंने बताया कि कार्यक्रम के दौरान रक्तदान शिविर का भी आयोजन किया जाएगा। महासभा ने अधिक से अधिक लोगों से इस पुण्य कार्य में भागीदारी करने और रक्तदान कर मानव सेवा का संदेश देने की अपील की।
कोर कमेटी सदस्य सुनील अरोड़ा ने कहा कि इस आयोजन का उद्देश्य विभाजन की त्रासदी को स्मरण करना, शहीदों को श्रद्धांजलि देना और समाज में एकता, भाईचारे तथा सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण का संदेश देना है। जिला महामंत्री राम अरोड़ा और प्रदीप कालरा ने कहा कि यह अपने पुरखों के संघर्ष और बलिदान को नमन करने का अवसर है।
पत्रकार वार्ता में जगदीश लाल पाहवा, राज ओबराय, प्रमोद पांधी, कमल मनचंदा, नेहा मलिक, रेनू अरोड़ा, आयुषी टंडन, मिनी पुरी, शालू आहूजा, अक्षत कुमार सहित महासभा के अनेक पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।