कोतवाली रानीपुर, 03 जून 2026।
पुलिस मुख्यालय द्वारा चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत हरिद्वार पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। कोतवाली रानीपुर पुलिस ने वाहन चोरी के मामलों का खुलासा करते हुए एक शातिर वाहन चोर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी की गई चार मोटरसाइकिलें बरामद की हैं।
पुलिस के अनुसार, बीते दिनों रानीपुर क्षेत्र में अलग-अलग स्थानों से मोटरसाइकिल चोरी की शिकायतें ऑनलाइन ई-एफआईआर के माध्यम से दर्ज कराई गई थीं। शिकायतों के आधार पर मुकदमे दर्ज कर पुलिस टीम ने घटनास्थलों के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच और गहन सुरागरसी शुरू की।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह के निर्देश पर प्रभारी निरीक्षक मनोहर सिंह भंडारी के नेतृत्व में गठित टीम ने 2 जून की रात औद्योगिक क्षेत्र चौराहे पर चेकिंग के दौरान आरोपी विकास कुमार पुत्र विजयपाल निवासी झबरपुर, थाना पुरकाजी (मुजफ्फरनगर, उत्तर प्रदेश) हाल निवासी रावली महदूद, थाना सिडकुल को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी की निशानदेही पर चोरी की गई चार स्प्लेंडर मोटरसाइकिलें बरामद की गईं। जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी ने बहादराबाद क्षेत्र से भी एक मोटरसाइकिल चोरी की थी, जिसके संबंध में थाना बहादराबाद में पहले से मुकदमा दर्ज है।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी के खिलाफ वाहन चोरी के 21 मामले पहले से दर्ज हैं। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध संबंधित धाराओं में कार्रवाई बढ़ाते हुए अग्रिम वैधानिक प्रक्रिया शुरू कर दी है।
इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक मनोहर सिंह भंडारी, उपनिरीक्षक सुबोध घिल्डियाल, कांस्टेबल विवेक गुसाईं, वीर सिंह, मंजीत राणा और प्रेम सिंह शामिल रहे।