स्नान पर्व से पहले हरिद्वार पुलिस का बड़ा ट्रैफिक प्लान,कई मार्गों पर बदली व्यवस्था
24 जून की रात से हरिद्वार में लागू होगा विशेष ट्रैफिक प्लान, भारी वाहनों पर रोक
हरिद्वार, 24 जून
निर्जला एकादशी स्नान पर्व को लेकर हरिद्वार पुलिस ने विस्तृत यातायात एवं पार्किंग योजना जारी की है। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए 24 जून की रात से शहर में कई मार्गों पर डायवर्जन, नो-एंट्री और विशेष पार्किंग व्यवस्था लागू रहेगी।
🔹चारधाम, ऋषिकेश और देहरादून से नजीबाबाद जाने वाले वाहन नेपाली फार्म, रायवाला, चंडी चौक, चंडी चौकी और श्यामपुर होते हुए अपने गंतव्य तक पहुंचेंगे।
🔹यातायात दबाव बढ़ने की स्थिति में देहरादून, ऋषिकेश और रायवाला से आने वाले ऑटो और विक्रम केवल जयराम मोड़ तक ही संचालित होंगे और वहीं से वापस लौटाए जाएंगे।
🔹जटवाड़ा पुल और ज्वालापुर की ओर से आने वाले ऑटो-विक्रम रानीपुर मोड़, देवपुरा, बस स्टेशन, रेलवे स्टेशन, शिवमूर्ति तिराहा, तुलसी चौक होते हुए कनखल की ओर भेजे जाएंगे।
🔹वहीं बीएचईएल पुल की ओर से आने वाले ऑटो-विक्रम भगत सिंह चौक, टिबड़ी फाटक, पुराना रानीपुर मोड़, देवपुरा, बस स्टेशन, रेलवे स्टेशन और तुलसी चौक होते हुए कनखल पहुंचेंगे।
पुलिस प्रशासन ने ललतारा पुल से शिवमूर्ति तक सभी प्रकार के वाहनों, ऑटो, विक्रम और टैक्सियों के संचालन पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया है।
इसके अलावा 24 जून रात 10 बजे से स्नान पर्व समाप्ति तक शहर क्षेत्र में सभी भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। इसी अवधि में बसों, ट्रैक्टरों और बड़े यात्री वाहनों को हनुमान वाटिका मार्ग से चमगादड़ टापू पार्किंग में खड़ा कराया जाएगा।
🔹25 जून सुबह 3 बजे से दिल्ली, मेरठ और मुजफ्फरनगर की ओर से आने वाले बड़े वाहनों को नगला इमरती से डायवर्ट कर बैरागी कैंप पार्किंग भेजा जाएगा।
पुलिस के अनुसार 24 जून रात 12 बजे से स्नान पर्व समाप्ति तक देहरादून की ओर से आने वाले बड़े वाहनों को लालजीवाला पार्किंग, जबकि नजीबाबाद की ओर से आने वाले बड़े वाहनों को नीलधारा और गौरीशंकर पार्किंग में पार्क कराया जाएगा।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार श्रद्धालुओं की संख्या और यातायात दबाव को देखते हुए डायवर्जन व्यवस्था में आवश्यक बदलाव भी किए जा सकते हैं। पुलिस ने सभी श्रद्धालुओं से निर्धारित पार्किंग स्थलों का उपयोग करने और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की है।