हरिद्वार, 11 जून।
कनखल क्षेत्र से अपहृत तीन वर्षीय मासूम बच्ची को सकुशल बरामद करते हुए हरिद्वार पुलिस ने महज 72 घंटे के भीतर एक अंतर्राज्यीय बच्चा चोरी गिरोह का भंडाफोड़ कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने गिरोह के छह सदस्यों, जिनमें दो महिलाएं भी शामिल हैं, को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान दिल्ली से चोरी किए गए एक अन्य मासूम बच्चे को भी बरामद किया गया है।
घटना 6 जून 2026 की है, जब बैरागी कैंप स्थित झुग्गी-झोपड़ी निवासी विनोद सोलंकी ने अपनी तीन वर्षीय पुत्री राधिका के अचानक लापता होने की सूचना कनखल पुलिस को दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल मुकदमा दर्ज किया गया और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) नवनीत सिंह के निर्देशन में विशेष पुलिस टीमों का गठन किया गया।
मामले की मॉनिटरिंग स्वयं एसएसपी नवनीत सिंह द्वारा की जा रही थी। पुलिस ने डिजिटल और मैनुअल जांच का सहारा लेते हुए सैकड़ों सीसीटीवी फुटेज खंगाले, डंप डाटा का विश्लेषण किया तथा मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। लगातार 72 घंटे तक चले अभियान के बाद पुलिस गिरोह तक पहुंचने में सफल रही।
जांच में सामने आया कि गिरोह बच्चों का अपहरण कर उन्हें निसंतान दंपतियों को दो से पांच लाख रुपये तक में बेचता था। गिरोह के प्रत्येक सदस्य की अलग-अलग जिम्मेदारी तय थी। कोई बच्चा चोरी करता था, कोई उसे सुरक्षित स्थान तक पहुंचाता था, जबकि कुछ सदस्य ग्राहक तलाशने और फर्जी अभिभावक बनकर सौदा कराने का काम करते थे।
हरिद्वार पुलिस की ताबड़तोड़ छापेमारी से घबराए गिरोह के अन्य सदस्य अपहृत बच्ची राधिका को दिल्ली के आनंद विहार रेलवे स्टेशन पर लावारिस छोड़कर फरार हो गए। आरपीएफ की सूचना पर दिल्ली पहुंची पुलिस टीम ने बच्ची को सकुशल बरामद कर लिया।
पूछताछ के दौरान एक और सनसनीखेज खुलासा हुआ। आरोपियों ने स्वीकार किया कि उन्होंने 24 मई को नई दिल्ली रेलवे स्टेशन से करीब डेढ़ वर्षीय बच्चे कार्तिक का अपहरण कर उसे डेढ़ लाख रुपये में उत्तर प्रदेश के बदायूं में बेच दिया था। पुलिस ने बच्चे को भी सकुशल बरामद कर लिया है तथा मामले की जानकारी दिल्ली पुलिस को दे दी गई है।
जांच में यह भी सामने आया कि गिरोह के मुख्य आरोपी मोहम्मद आकिल और प्रीति शर्मा बच्चों की कीमत तय करने तथा उन्हें अपना या अनाथ बताकर बेचने का काम करते थे। आरोपियों की पहचान :-
1- मोहम्मद आकिल पुत्र अनिश अहमद निवासी पायती कला मिया सातूकी मजार के पास थाना डिडोली जिला अमरोहा उ0प्र0 हाल निवासी MDA कालोनी MU यूनिवर्सिटी के पास, मुरादाबाद उ0प्र0
2- नसीमा पत्नी मौहम्मद आकिल निवासी पायती कला मिया सातूकी मजार के पास थाना डिडोली जिला अमरोहा उ0प्र0 हाल निवासी MDA कालोनी MU यूनिवर्सिटी के पास, मुरादाबाद उ0प्र0
3- जुल्फेकार पुत्र स्व0 जमील अहमद नि0 ग्राम दरियापुर थाना अमरोहा देहात जिला अमरोहा उ0प्र0
4- धर्मेन्द्र कुमार पुत्र स्व0 होशराम निवासी सिकन्दरपुर थाना भोपा जिला मु0 नगर उ0प्र0 हाल निवासी केशव नगर शुगर मिल के सामने लक्सर हरिद्वार
5- प्रीती शर्मा पत्नी धर्मेन्द्र नि0 ग्राम भोजापुर तहसील माधनगढ थाना कुठौन्द जिला जालोन उ0प्र0 हाल नि0 सिकन्दरपुर थाना भोपा जिला मु0 नगर उ0प्र0
6- शिवा सिहं उर्फ गौरब पुत्र स्व0 राजेन्द्र प्रसाद निवासी मौहल्ला पचरुकी गर्ग थाना शिवान सिटी जिला शिवान, बिहार हाल नि0 झुग्गी झोपडी जटवाडा पुल कोतवाली ज्वालापुर हरिद्वार
के रूप में हुई। पुलिस ने अपहरण के मुकदमे में मानव तस्करी की धाराएं भी शामिल की हैं
एसएसपी नवनीत सिंह ने इस सफलता पर कहा कि पुलिस ने एक मां से किया अपना वादा निभाया है। उन्होंने पूरी टीम की सराहना करते हुए कहा कि यह ऑपरेशन पुलिस की सतर्कता, तकनीकी दक्षता और टीमवर्क का परिणाम है।
गिरफ्तार आरोपियों में उत्तर प्रदेश, बिहार और उत्तराखंड से जुड़े छह लोग शामिल हैं। पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों और इसके व्यापक नेटवर्क की तलाश में जुटी है। प्रारंभिक जांच में गिरोह की जड़ें उत्तर प्रदेश, दिल्ली और उत्तराखंड तक फैली होने की बात सामने आई है।
इस सफल अभियान में कनखल पुलिस, सीआईयू हरिद्वार तथा एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट (AHTU) की संयुक्त टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। हरिद्वार पुलिस की इस कार्रवाई को हाल के वर्षों में बच्चा चोरी और मानव तस्करी के खिलाफ सबसे बड़ी सफलताओं में से एक माना जा रहा है।
कनखल पुलिस टीम :-
व0उ0नि0 अनुज सिंह, उ0नि0 नरेन्द्र सिहं,उ0नि0 महिपाल सैनी,उ0नि0 गम्भीर तोमर,उ0नि0 नवीन चौहान (को0 नगर),अ0उ0नि0 ललित मोहन अधिकारी,अ0उ0नि0 मुन्ना नेगी,हे0का0 जितेन्द्र शाह,का0 जितेन्द्र कुमार,हे0का0 अश्वनी शर्मा,का0 उमेद सिहं,का0 विपिन सकलानी, का0 दिगपाल भण्डारी,का0 मनीष रावत,का0 निर्मल रांगड ( को0 नगर ),का0 राकेश सिहं ( को0 नगर )
CIU टीम हरिद्वार :-
प्रभारी नरेन्द्र सिंह बिष्ट,का0 वसीम,का0 हरवीर सिंह रावत,का0 दीप गौड,का0 उमेश कुमार,का0 नरेंद्र तथा
A.H.T.U. हरिद्वार:-
हे0का0 राकेश कुमार,का0 दीपक चन्द रमोला,म0 का0 शशीबाला शामिल रहे।