सीसीटीवी और पुलिस की सतर्कता से खुला वाहन चोरी गिरोह का राज…
भगवानपुर,12 जून।
एसएसपी हरिद्वार नवनीत सिंह के निर्देशन में चलाए जा रहे अपराध नियंत्रण अभियान के तहत कोतवाली भगवानपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने वाहन चोरी गिरोह का पर्दाफाश करते हुए 3 शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है तथा उनके कब्जे से 12 चोरी की दोपहिया वाहन बरामद किए हैं।
मुख्य बिंदु
🔹वाहन चोरी के दो मामलों की जांच के दौरान पुलिस ने गिरोह का खुलासा किया।
🔹लगभग 300 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई।
🔹पिछले 5 वर्षों में जेल से छूटे वाहन चोरों का सत्यापन और पूछताछ की गई।
🔹सहारनपुर, मुजफ्फरनगर समेत सीमावर्ती जनपदों से सूचनाएं जुटाई गईं।
🔹11 जून 2026 को चेकिंग के दौरान तीन संदिग्ध युवकों को गिरफ्तार किया गया।
🔹आरोपियों के कब्जे से कुल 12 चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद हुईं।
🔹बरामद वाहनों में भगवानपुर, कलियर और हिमाचल प्रदेश के बद्दी क्षेत्र से चोरी की गई बाइक भी शामिल हैं।
ऐसे हुआ खुलासा
12 मई 2026 को करौंदी निवासी मतलूब की मोटरसाइकिल UK17F-4899 चोरी होने पर मुकदमा दर्ज किया गया था। इसके बाद 10 जून 2026 को सिकंदरपुर भैंसवाल निवासी अहसान की बाइक UP11BQ-7714 चोरी होने की शिकायत मिली। दोनों मामलों की जांच के दौरान पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर तंत्र की मदद से गिरोह तक पहुंच बनाई।
गिरफ्तार आरोपी
कुलदीप सैनी पुत्र सतपाल निवासी अम्बेहटी, थाना नकुड़, सहारनपुर।
कुलदीप कुमार पुत्र भूल्लन निवासी दादनौर, थाना नकुड़, सहारनपुर।
मुनव्वर पुत्र बसीर निवासी कुण्डाकला, थाना गंगोह, सहारनपुर।
आपराधिक रिकॉर्ड
आरोपी कुलदीप सैनी के खिलाफ चोरी, लूट, गैंगस्टर एक्ट सहित 11 मुकदमे दर्ज हैं।
कुलदीप कुमार के खिलाफ 2 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।
तीसरे आरोपी मुनव्वर का आपराधिक इतिहास खंगाला जा रहा है।
पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका
इस कार्रवाई में SHO रितेश शाह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। टीम में रमेश कुमार सैनी, मुकेश नौटियाल, आशीष नेगी, नीरज रावत, सुनीत दत्त, बालाराम जोशी सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।
एसएसपी का संदेश
एसएसपी नवनीत सिंह ने कहा कि हरिद्वार में अपराध करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। अपराधियों के लिए यह स्पष्ट संदेश है कि जिले में अपराध कर बच निकलना अब आसान नहीं है।