हल्द्वानी से रुद्रपुर जाने वाले रास्ते पर दर्दनाक हादसा हो गया है बताया जा रहा है स्कॉर्पियो और स्कूटी की जोरदार भिड़ंत में तीन युवकों की दर्दनाक मौत हो गई है। हल्द्वानी-रुद्रपुर मार्ग पर टांडा जंगल के पास देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। बताया जा रहा है कि तेज रफ्तार स्कॉर्पियो और स्कूटी की आमने-सामने की भिड़ंत इतनी जबरदस्त थी कि स्कूटी सवार युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
पुलिस के अनुसार, मृतकों की पहचान अनिकेत 20 वर्षीय निवासी जसपुर , रोहन 22 वर्षीय निवासी हरिद्वार और आकाश 24 वर्षीय निवासी रामपुर (यूपी) के रूप में हुई है। तीनों युवक सिडकुल स्थित अशोका लीलैंड कंपनी में कार्यरत थे।
जानकारी के मुताबिक, तीनों शनिवार को एक विवाह समारोह में शामिल होने हल्द्वानी गए थे। देर रात रुद्रपुर लौटने के बाद उन्हें पता चला कि उनका एक मोबाइल हल्द्वानी में ही छूट गया है। इसी के चलते वे रात करीब 12 बजे दोबारा स्कूटी से हल्द्वानी के लिए रवाना हो गए।
बताया जा रहा है कि संजय वन से करीब दो किलोमीटर आगे टांडा जंगल क्षेत्र में पहुंचते ही सामने से आ रही तेज रफ्तार स्कॉर्पियो से उनकी सीधी टक्कर हो गई। हादसा इतना भीषण था कि तीनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही पंतनगर थाना पुलिस और सिडकुल चौकी की टीम मौके पर पहुंची और घायलों को तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने तीनों को मृत घोषित कर दिया।
हादसे में स्कॉर्पियो भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, हालांकि उसमें सवार लोग एयरबैग खुलने के कारण गंभीर चोटों से बच गए।
पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक और दहशत का माहौल बना हुआ है।