लालकुआं से रुद्रपुर जा रही बाघ एक्सप्रेस की चपेट में आया हाथी, एक दांत टूटा; हादसे की जांच में जुटा वन विभाग

उत्तराखंड, 28 अक्टूबर।
छतरपुर-हल्दी रेलवे ट्रैक पर एक दर्दनाक हादसे में नर हाथी की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। हादसा तराई केंद्रीय वन प्रभाग की रुद्रपुर रेंज के अंतर्गत रेलवे ट्रैक के पिलर संख्या 55/8 के पास हुआ। घटना के बाद वन विभाग और रेलवे प्रशासन में हड़कंप मच गया।

वीडियो: रेलवे ट्रैक पर हाथी की मौत के बाद मौके पर पहुंची वन विभाग और रेलवे की टीमें।

जानकारी के अनुसार, लालकुआं से रुद्रपुर की ओर जा रही बाघ एक्सप्रेस ट्रेन की चपेट में आने से हाथी की मौके पर ही मौत हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि हाथी का एक दांत टूटकर दूर जा गिरा। रेलवे प्रशासन ने दांत को सुरक्षा की दृष्टि से अपने कब्जे में ले लिया है। रेलवे अधिकारियों के अनुसार, आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करने के बाद दांत वन विभाग को सौंपा जाएगा।

हादसे की सूचना मिलते ही वन विभाग और रेलवे की टीमें घटनास्थल पर पहुंचीं और स्थिति का जायजा लिया। तराई केंद्रीय वन प्रभाग के रुद्रपुर डिवीजन के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की।

वन विभाग से मिली जानकारी के मुताबिक, मृत हाथी के शव का पोस्टमार्टम विशेषज्ञ चिकित्सकों के पैनल द्वारा कराया जाना निर्धारित है। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव का नियमानुसार निस्तारण किया जाएगा।

ट्रेन की रफ्तार की भी होगी जांच
हाथी की मौत के बाद वन विभाग इस बात की जांच कर रहा है कि हादसे के समय ट्रेन निर्धारित गति सीमा के भीतर चल रही थी या नहीं। जांच के बाद ही दुर्घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

इस घटना ने एक बार फिर रेलवे ट्रैक के आसपास वन्यजीवों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed

error: Content is protected !!