मां गंगा की स्वच्छता के लिए हर स्तर पर करेंगे निर्णायक संघर्ष, गंदे नालों को रोकने की उठाई मांग – चंद्रमोहन कौशिक

हरिद्वार, 28 अक्टूबर।
मां गंगा में गिर रहे गंदे नालों के कारण बढ़ते प्रदूषण के विरोध में सावक मंच के कार्यकर्ताओं ने मंच के संयोजक चंद्रमोहन कौशिक के नेतृत्व में नाईसोता नाले के बाहर मां गंगा की गोद में बैठकर धरना दिया। कार्यकर्ताओं ने गंगा की स्वच्छता और अविरलता को लेकर चिंता जताते हुए गंदे नालों से मां गंगा को प्रदूषित होने से बचाने की मांग उठाई।

धरने को संबोधित करते हुए मंच के संयोजक चंद्रमोहन कौशिक ने कहा कि मां गंगा करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र हैं। जन्म से लेकर मृत्यु तक भारतीय संस्कृति और धार्मिक परंपराओं में मां गंगा का विशेष महत्व है। करोड़ों लोग मां गंगा में आचमन कर अपनी आस्था व्यक्त करते हैं, लेकिन यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि जिस मां गंगा को लोग जीवनदायिनी और साक्षात माता का स्वरूप मानते हैं, वही गंदे नालों के कारण प्रदूषण की समस्या का सामना कर रही हैं।

उन्होंने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार द्वारा मां गंगा की स्वच्छता के लिए करोड़ों-अरबों रुपये की योजनाएं संचालित की जाती हैं। वहीं, हरिद्वार में अर्धकुंभ को कुंभ का दर्जा देकर उसे दिव्य और भव्य बनाने की तैयारियां की जा रही हैं। ऐसे में यह सुनिश्चित करना बेहद जरूरी है कि देश-विदेश से आने वाले करोड़ों श्रद्धालुओं को स्वच्छ गंगा में स्नान और आचमन करने का अवसर मिले।

चंद्रमोहन कौशिक ने कहा कि धार्मिक आयोजनों की भव्यता के साथ मां गंगा की स्वच्छता और पवित्रता को प्राथमिकता देना भी आवश्यक है। यदि गंदे नालों का पानी गंगा में गिरता रहेगा, तो स्वच्छता के प्रयासों पर सवाल खड़े होंगे। उन्होंने संबंधित अधिकारियों और प्रशासन से गंगा में गिर रहे गंदे नालों की समस्या का प्रभावी समाधान करने की मांग की।

उन्होंने स्पष्ट कहा कि मां गंगा को प्रदूषण से बचाना केवल सरकार या प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य भी है। सावक मंच ने इस मुद्दे पर अपना धरना शुरू करते हुए संकल्प लिया है कि मां गंगा की रक्षा और स्वच्छता के लिए हर स्तर पर निर्णायक संघर्ष किया जाएगा।

गंगा की स्वच्छता के लिए आंदोलन जारी रखने का ऐलान
सावक मंच के कार्यकर्ताओं ने नाईसोता नाले के बाहर धरना देकर गंगा में गंदे नालों के प्रवाह की समस्या को प्रमुखता से उठाया। मंच ने मांग की कि गंगा को प्रदूषित करने वाले नालों के पानी के प्रभावी निस्तारण की व्यवस्था की जाए, ताकि मां गंगा की निर्मलता और धार्मिक महत्ता सुरक्षित रह सके।

ये रहे मौजूद
धरने में जिला अध्यक्ष कीर्तिकांत शर्मा, शहर अध्यक्ष शरद अग्रवाल, युवा जिला अध्यक्ष शिवम कौशिक, जिला वरिष्ठ उपाध्यक्ष विशाल यादव, सावक मंच नेत्री तरुणा चोपड़ा, जिला उपाध्यक्ष सुनील शर्मा, महासचिव राजू बक्शी, संगठन सचिव जय बाली, युवा जिला उपाध्यक्ष सनी भाटिया, शरद शर्मा व्यास, सोमप्रकाश शर्मा, नवीन भाटिया, गंगा शर्मा, रितेश अग्रवाल, अनिरुद्ध शर्मा, पीयूष कौशिक, हरिआनंद शर्मा, अनिल सिंगल, नरेश शर्मा, सुमित अरोड़ा, राकेश अग्रवाल, गौरव अग्रवाल, विपिन सती, चंद्रशेखर कौशिक, गौरव सचदेवा, विक्रम नेगी, गौरव शर्मा, जितेंद्र यादव सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed

error: Content is protected !!