महापौर किरण जैसल की गरिमामयी उपस्थिति में संकल्प सेवा परमोधर्म ट्रस्ट ने आयोजित किया भव्य महोत्सव, महिलाओं के उत्साह और प्रतिभा को मिला मंच
महिलाओं को सुरक्षित एवं आनंददायक माहौल देना और बेटियों के हुनर को प्रोत्साहित करना ट्रस्ट का संकल्प_रंजीता झा
शिवालिक नगर, 27 अक्टूबर।
करवाचौथ के उल्लास, मेहंदी की खुशबू और सांस्कृतिक रंगों के बीच हरिद्वार के शिवालिक नगर स्थित होटल डब्लू ग्रांड में मंगलवार को संकल्प सेवा परमोधर्म ट्रस्ट की ओर से चतुर्थ करवाचौथ मेहंदी महोत्सव-2026 का भव्य आयोजन किया गया। महोत्सव में महिलाओं और बेटियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। बेटियों की मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए, वहीं महिलाओं की उत्साहपूर्ण भागीदारी ने आयोजन को यादगार बना दिया।

कार्यक्रम में हरिद्वार की महापौर किरण जैसल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। ट्रस्ट की संस्थापक एवं अध्यक्ष रंजीता झा ने महापौर का पुष्पगुच्छ, पटका और स्मृति चिह्न भेंट कर स्वागत किया। कार्यक्रम में फार्मा हाउस की निदेशक मानसी विरमानी, केयर कॉलेज की प्रिंसिपल प्रीत शिखा, विभा जैन और फार्मा सिंथ की निदेशक इशिका जैन विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं।
महिलाओं को सम्मान और बेटियों को प्रोत्साहन देना उद्देश्य: रंजीता झा
ट्रस्ट की संस्थापक एवं अध्यक्ष रंजीता झा ने कहा कि करवाचौथ मेहंदी महोत्सव आयोजित करने का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को सुरक्षित, सहज और आनंददायक वातावरण उपलब्ध कराना है, ताकि वे त्योहार की खुशियों को उत्साह के साथ मना सकें। इसके साथ ही समाज की बेटियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर देना और उनके हुनर को पहचान दिलाना भी ट्रस्ट की प्राथमिकताओं में शामिल है।
उन्होंने कहा कि महिलाओं का सम्मान, उनका सशक्तीकरण और बेटियों की प्रतिभा को उचित मंच प्रदान करना सामाजिक विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं। संकल्प सेवा परमोधर्म ट्रस्ट इन उद्देश्यों को लेकर निरंतर प्रयासरत है।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां
महोत्सव के दौरान बेटियों ने आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर उपस्थित अतिथियों और दर्शकों का मन मोह लिया। कार्यक्रम में करवाचौथ की पारंपरिक उमंग, उत्सव का उल्लास और सामाजिक सहभागिता का सुंदर संगम देखने को मिला। महिलाओं ने मेहंदी महोत्सव में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और आयोजन के प्रति खास उत्साह प्रदर्शित किया।
इस आयोजन ने महिलाओं को एक-दूसरे से जुड़ने, त्योहार की खुशियां साझा करने और बेटियों की प्रतिभा को प्रोत्साहित करने का अवसर प्रदान किया। महोत्सव के माध्यम से महिला सशक्तीकरण, सांस्कृतिक परंपराओं के संरक्षण और सामाजिक एकजुटता का संदेश भी दिया गया।
ट्रस्ट पदाधिकारियों सहित अनेक गणमान्य लोग रहे मौजूद
कार्यक्रम में ट्रस्ट के सचिव एवं पूर्व सैनिक तरुण कुमार शुक्ल, उपाध्यक्ष बृजभूषण तिवारी, कोषाध्यक्ष सुधा राठौर, सचिन चौधरी, सहसचिव हरिनारायण त्रिपाठी, चारु शुक्ला, मंत्री ज्ञान प्रकाश सिंह, माया शर्मा, संतोष झा, कमलाकार शास्त्री, अंकित दूबे, रीनू तोमर और गोल्डी शुक्ला सहित अनेक सदस्य उपस्थित रहे।
इसके अतिरिक्त राष्ट्रीय सेवा समिति की प्रांत व्यवस्था प्रमुख रेखा झा, समाजसेविका नीतू सिंह, प्रवीन अरोरा और आरती सहित अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने भी कार्यक्रम में सहभागिता की। मीडिया जगत से राहुल राजा, संतोष कुमार, प्रमोद कुमार, हरेंद्र रावत और सोनू कुमार उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के समापन पर ट्रस्ट की ओर से सभी अतिथियों, प्रतिभागियों, सहयोगियों और मीडिया प्रतिनिधियों का आभार व्यक्त किया गया।