हरिद्वार के बैरागी कैंप में बड़ा हादसा, गंगा में वाहन धोने उतरे थे तीनों युवक…

कनखल, 26 अक्टूबर।
कनखल थाना क्षेत्र के बैरागी कैंप स्थित बड़ा टापू के सामने मंगलवार शाम गंगा नदी में एक बड़ा हादसा हो गया। नदी का जलस्तर अचानक बढ़ने और तेज बहाव की चपेट में आने से एक बोलेरो वाहन बह गया। वाहन में सवार तीन लोगों में से दो युवकों को पुलिस, जल पुलिस और एसडीआरएफ की संयुक्त टीम ने रेस्क्यू कर सुरक्षित बाहर निकाल लिया, जबकि वाहन चालक तेज धारा में लापता हो गया। उसकी तलाश में सर्च ऑपरेशन जारी है।

वाहन धोने के दौरान हुआ हादसा
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मंगलवार शाम बैरागी कैंप क्षेत्र में कुंभ मेले के कार्यों में जुटे कर्मचारियों और मजदूरों ने गंगा में बोलेरो वाहन बहने की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही थाना कनखल पुलिस, जल पुलिस और एसडीआरएफ की टीमें मौके पर पहुंचीं और तत्काल राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। हादसे की खबर फैलते ही घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुट गई।

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, चालक पुष्कर सिंह सोनप्रयाग, रुद्रप्रयाग से सवारियां लेकर हरिद्वार आया था। सवारियों को छोड़ने के बाद वह अपने दो साथियों के साथ बोलेरो को धोने के लिए गंगा नदी में उतरा था। इसी दौरान अचानक पानी का स्तर बढ़ गया और तेज बहाव के कारण तीनों लोग वाहन समेत नदी की धारा में बहने लगे।

दो युवकों को सुरक्षित निकाला
रेस्क्यू टीम ने तत्परता दिखाते हुए दो युवकों को सकुशल नदी से बाहर निकाल लिया। बचाए गए युवकों की पहचान हिमांशु रावत (23 वर्ष), निवासी आगर चट्टी, गैरसैंण, जनपद चमोली, पुत्र सुरेंद्र सिंह रावत तथा राकेश सिंह (28 वर्ष), निवासी चमोली, पुत्र सरोप सिंह के रूप में हुई है।

वहीं, बोलेरो चालक पुष्कर सिंह (38 वर्ष), पुत्र सोनप्रयाग, तेज बहाव में लापता बताया गया है। संयुक्त बचाव दल नदी में उसकी तलाश के लिए लगातार सर्च ऑपरेशन चला रहा है। घटना की सूचना चालक के परिजनों को भी दे दी गई है।

गंगा में उतरते समय बरतें सावधानी
यह हादसा एक बार फिर गंगा के तेज बहाव और अचानक बदलते जलस्तर से उत्पन्न खतरे को सामने लाता है। नदी का पानी शांत दिखाई देने पर भी उसकी धारा जानलेवा साबित हो सकती है। ऐसे में लोगों को गंगा में वाहन धोने या तेज बहाव वाले क्षेत्रों में उतरने से बचना चाहिए।

फिलहाल लापता चालक की तलाश जारी है। पुलिस और बचाव दल की कार्रवाई पर सभी की निगाहें टिकी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!