नैनीताल/हल्द्वानी,30 अगस्त ।

नैनीताल-हल्द्वानी राष्ट्रीय राजमार्ग पर रविवार तड़के पहाड़ी का एक हिस्सा टूटकर सड़क पर गिरने से यातायात बाधित हो गया। दोगांव के पास भूस्खलन प्रभावित क्षेत्र में अचानक बड़े-बड़े बोल्डर और मलबा सड़क पर आ गिरा, जिसके चलते हाईवे के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। घटना के बाद यात्रियों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

बताया जा रहा है कि पहाड़ी से लगातार स्लेटनुमा पत्थर और मलबा गिरने के कारण सड़क को साफ करने में भी परेशानी आ रही है। खतरे को देखते हुए मौके पर पुलिस और जिला प्रशासन की टीम पहुंच गई है। लोक निर्माण विभाग की ओर से दो जेसीबी मशीनों को लगाकर सड़क से बोल्डर और मलबा हटाने का काम शुरू कर दिया गया है।

लगातार गिर रहे पत्थरों से राहत कार्य में बाधा

भूस्खलन प्रभावित क्षेत्र में पहाड़ी से अभी भी छोटे-बड़े पत्थरों के गिरने का सिलसिला जारी बताया जा रहा है। ऐसे में जेसीबी मशीनों से मलबा हटाने का कार्य सावधानी के साथ किया जा रहा है। प्रशासन और पुलिस की टीम मौके पर स्थिति पर नजर बनाए हुए है।

प्रारंभिक अनुमान के मुताबिक यदि पहाड़ी से पत्थरों का गिरना कम रहा तो अगले डेढ़ से दो घंटे में मार्ग को यातायात के लिए सुचारू करने का प्रयास किया जा रहा है। हालांकि, पहाड़ी की मौजूदा स्थिति को देखते हुए मार्ग खुलने का समय परिस्थितियों पर निर्भर करेगा।

पहले भी हो चुका है भूस्खलन

दोगांव के आसपास का यह क्षेत्र पहले भी भूस्खलन की घटनाओं को लेकर संवेदनशील रहा है। इससे पहले भी पहाड़ी का हिस्सा टूटकर सड़क पर गिर चुका है। पिछली घटना में बड़ी मात्रा में स्लेटनुमा पत्थर और मलबा सड़क पर आने से यातायात प्रभावित हुआ था। इसके साथ ही हाईवे का पैराफिट भी क्षतिग्रस्त हुआ था।

भूस्खलन के दौरान मलबे का एक बड़ा हिस्सा सड़क से नीचे नदी और जंगल की ओर भी चला गया था। लगातार हो रही ऐसी घटनाओं ने इस मार्ग से गुजरने वाले वाहन चालकों और यात्रियों की चिंता बढ़ा दी है।

यात्रियों से सावधानी बरतने की अपील

हाईवे पर यातायात प्रभावित होने के कारण दोनों ओर वाहनों की कतार लगी हुई है। ऐसे में यात्रियों को मौके की स्थिति सामान्य होने तक धैर्य रखने और पहाड़ी क्षेत्र में अनावश्यक रूप से वाहन रोककर खड़े न होने की सलाह दी जा रही है।प्रशासन और लोक निर्माण विभाग की प्राथमिकता फिलहाल सड़क से मलबा हटाकर यातायात बहाल करना है। वहीं, भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए संवेदनशील पहाड़ी हिस्सों का स्थायी रूप से निरीक्षण और सुरक्षा उपाय किए जाने की जरूरत भी सामने आ रही है।

📹 घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया है, जिसमें हाईवे पर मलबा और बोल्डर गिरने के बाद वाहनों की कतार दिखाई दे रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!