नगर आयुक्त ने तड़के किया जलभराव वाले क्षेत्रों का निरीक्षण, पंपों से कराई गई त्वरित जल निकासी…
हरिद्वार, 09 जुलाई।
गुरुवार को हुई मूसलाधार बारिश के दौरान नगर निगम हरिद्वार पूरी तरह अलर्ट मोड पर नजर आया। मौसम विभाग द्वारा भारी वर्षा की चेतावनी को देखते हुए नगर आयुक्त नंदन कुमार के निर्देशन में नगर निगम ने एक दिन पहले से ही व्यापक तैयारियां पूरी कर ली थीं। बुधवार से ही संभावित जलभराव वाले क्षेत्रों में जल निकासी पंप, आवश्यक संसाधन और राहत टीमें तैनात कर दी गई थीं, जिससे बारिश शुरू होते ही तत्काल कार्रवाई की जा सके।



नगर निगम प्रशासन ने सभी संबंधित अधिकारियों, मुख्य सफाई निरीक्षकों एवं सफाई निरीक्षकों को अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखने और किसी भी प्रकार की आपात स्थिति में तुरंत कार्रवाई करने के निर्देश दिए थे। इसके तहत संवेदनशील वार्डों में विशेष सतर्कता बरती गई और जल निकासी व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए अतिरिक्त संसाधनों की भी व्यवस्था की गई।
बीती रात से तेज बारिश शुरू होते ही नगर निगम की टीमें फील्ड में उतर गईं और शहर के विभिन्न जलभराव संभावित क्षेत्रों में मोर्चा संभाल लिया। गुरुवार तड़के नगर आयुक्त नंदन कुमार स्वयं शहर के विभिन्न संवेदनशील स्थलों पर पहुंचे और मौके पर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जलभराव वाले स्थानों पर तत्काल पंप संचालित कर पानी की निकासी सुनिश्चित की जाए, ताकि यातायात और आमजन को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
निरीक्षण के दौरान भगत सिंह चौक, रानीपुर मोड़, संदेश नगर, शारदा नगर, भोपतवाला स्थित निष्काम सेवा ट्रस्ट के निकट तथा पुराना आरटीओ चौक सहित कई संवेदनशील क्षेत्रों का निरीक्षण किया गया। जिन स्थानों पर जलभराव की स्थिति उत्पन्न हुई, वहां नगर निगम की टीमों ने तत्काल पंपों के माध्यम से पानी की निकासी कराई और हालात सामान्य बनाने का प्रयास किया। इसके साथ ही सभी क्षेत्रों में लगातार निगरानी भी रखी गई।
इस दौरान उप नगर आयुक्त दीपक गोस्वामी, मुख्य सफाई निरीक्षक संजय शर्मा, श्रीकांत, अर्जुन सिंह, मनोज कुमार, विकास चौधरी, मुख्य सफाई निरीक्षक विकास छाछर, सफाई निरीक्षक सुरेंद्र कुमार, धीरेंद्र सेमवाल सहित नगर निगम के अनेक अधिकारी और कर्मचारी अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार डटे रहे। अधिकारियों ने जल निकासी कार्यों की निगरानी करते हुए यह सुनिश्चित किया कि किसी भी क्षेत्र में जलभराव की स्थिति अधिक देर तक न बनी रहे।
नगर निगम प्रशासन का कहना है कि भारी बारिश को देखते हुए सभी टीमें लगातार फील्ड में तैनात हैं। शहर के संवेदनशील इलाकों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है और किसी भी स्थान पर जलभराव अथवा अन्य आपात स्थिति की सूचना मिलते ही तत्काल राहत एवं जल निकासी कार्य शुरू किया जा रहा है। प्रशासन ने नागरिकों से भी अपील की है कि बारिश के दौरान अनावश्यक रूप से घरों से बाहर निकलने से बचें तथा किसी भी समस्या की सूचना तत्काल नगर निगम को दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।