हरिद्वार, 4 जुलाई।
जिला मुख्यालय रोशनाबाद स्थित पुलिस लाइन सभागार में शनिवार को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से अधिकार मित्रों की मासिक बैठक के साथ विशेष आपदा प्रबंधन कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला का उद्देश्य अधिकार मित्रों को आपदा की स्थिति में राहत एवं बचाव कार्यों के प्रति प्रशिक्षित करना तथा उन्हें आमजन की प्रभावी सहायता के लिए सक्षम बनाना रहा। कार्यक्रम में एनडीआरएफ और जिला आपदा प्रबंधन विभाग ने संयुक्त रूप से प्रशिक्षण प्रदान किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव सिमरनजीत कौर ने किया। उन्होंने अधिकार मित्रों को जुलाई माह के निर्धारित ‘प्लान ऑफ एक्शन’ की विस्तार से जानकारी देते हुए राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा जारी नई स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसीजर (एसओपी) से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि अधिकार मित्रों की भूमिका समाज के कमजोर एवं जरूरतमंद वर्गों तक विधिक सहायता पहुंचाने में अत्यंत महत्वपूर्ण है।


आपदा प्रबंधन विषयक कार्यशाला में एनडीआरएफ की टीम के निरीक्षक तिरेपन सिंह रावत एवं उनकी टीम ने लाइव डेमो के माध्यम से विभिन्न आपदाओं के दौरान बचाव कार्य, प्राथमिक उपचार, सुरक्षित निकासी और आपातकालीन परिस्थितियों में अपनाई जाने वाली सावधानियों की व्यावहारिक जानकारी दी। प्रशिक्षण के दौरान अधिकार मित्रों ने भी विभिन्न बचाव तकनीकों का अभ्यास किया।
जिला आपदा प्रबंधन विभाग से आए मनोज कंडियाल ने प्रतिभागियों को आपदा प्रबंधन के टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर 1077 की जानकारी देते हुए विभाग द्वारा संचालित विभिन्न जागरूकता एवं सहायता कार्यक्रमों से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि समय रहते सही सूचना और त्वरित प्रतिक्रिया से जन-धन की हानि को काफी हद तक कम किया जा सकता है।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर जिला जज नरेन्द्र दत्त ने कहा कि अधिकार मित्र इस कार्यशाला में प्राप्त ज्ञान और प्रशिक्षण का उपयोग अपने-अपने क्षेत्रों में कर आपदा पीड़ितों की प्रभावी सहायता कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि विधिक जागरूकता के साथ-साथ आपदा प्रबंधन का ज्ञान भी समाज सेवा का महत्वपूर्ण माध्यम है।
इस अवसर पर जिला जज ने एनडीआरएफ की टीम के उत्कृष्ट सहयोग और प्रशिक्षण के लिए उन्हें प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।
कार्यक्रम में मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट संदीप कुमार, प्राधिकरण के डिप्टी एलएडीसी रमन कुमार सैनी, रिटेनर अधिवक्ता उपेन्द्र दत्त शर्मा, पैनल अधिवक्ता संगीता भारद्वाज सहित लगभग 200 अधिकार मित्र उपस्थित रहे। पूरे कार्यक्रम में प्रतिभागियों ने सक्रिय सहभागिता निभाई और आपदा प्रबंधन से जुड़े व्यावहारिक प्रशिक्षण को उपयोगी एवं प्रेरणादायक बताया।