अल्मोड़ा, 9 जून।
अल्मोड़ा में एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां उत्तराखंड क्रांति दल (यूकेडी) से जुड़े एक नेता की पत्नी ने कथित रूप से खुद पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा ली। गंभीर रूप से झुलसी महिला को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद क्षेत्र में शोक और सनसनी का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, नगर के विवेकानंद पुरी वार्ड निवासी मोहित साह अपनी 38 वर्षीय पत्नी लता साह और 13 वर्षीय पुत्र के साथ रहते थे। सोमवार सुबह मोहित अपने बेटे को स्कूल छोड़ने गए थे। इसी दौरान पड़ोसियों ने घर से धुआं उठता देखा और तुरंत इसकी सूचना मोहित को दी।
स्थानीय लोगों ने घर का दरवाजा खोलने का प्रयास किया, लेकिन दरवाजा अंदर से बंद था। मोहित के मौके पर पहुंचने के बाद दरवाजा तोड़ा गया। अंदर लता साह गंभीर रूप से झुलसी हुई मिलीं। उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने पोस्टमार्टम की कार्रवाई पूरी कर शव परिजनों को सौंप दिया है। कोतवाली प्रभारी योगेश चंद्र उपाध्याय ने बताया कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है तथा घटना के कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।
फिलहाल पुलिस परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है। घटना के पीछे के कारणों का खुलासा जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा।