“रुद्राक्ष से बोगनविलिया तक… हरिद्वार ने पर्यावरण संरक्षण का दिया हरित संदेश” 🌳🌿


हरिद्वार, 06 जून ।
विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर शुक्रवार, दिनांक 05 जून को जनपद हरिद्वार में आयोजित ‘हरित हरिद्वार’ अभियान ने जनसहभागिता की नई मिसाल पेश की। अखाड़ों, साधु-संतों, स्वयंसेवी संस्थाओं, आमजन तथा सरकारी अधिकारियों-कर्मचारियों की सक्रिय भागीदारी से पूरे जिले में 15 हजार से अधिक पौधों का रोपण किया गया।
अभियान का शुभारंभ कुंभ मेलाधिकारी श्रीमती सोनिका ने बोगनविलिया का पौधा लगाकर किया, जबकि जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने रुद्राक्ष का पौधा रोपित कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। नोडल अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र के समन्वय में संचालित इस अभियान के तहत शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में सड़कों के किनारे, सरकारी परिसरों, विद्यालयों, आश्रमों, अखाड़ों और अन्य सार्वजनिक स्थलों पर बड़े पैमाने पर वृक्षारोपण किया गया।
विशेष रूप से अखाड़ों और आश्रमों में साधु-संतों ने अपने अनुयायियों के साथ पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण को आध्यात्मिक जिम्मेदारी से जोड़ने का संदेश दिया। अभियान में विभिन्न सामाजिक संगठनों, स्वयंसेवकों और आम नागरिकों ने भी उत्साहपूर्वक भागीदारी निभाई।
कार्यक्रम के दौरान पौधारोपण के साथ उनकी सुरक्षा और नियमित देखभाल का भी संकल्प लिया गया। जिला प्रशासन ने जनपदवासियों से लगाए गए पौधों को संरक्षित रखने की अपील करते हुए हरिद्वार को स्वच्छ, सुंदर और हराभरा बनाने में सहयोग का आह्वान किया।