हल्द्वानी, 05 जून।
मुख्यमंत्री के “मिशन ड्रग फ्री देवभूमि” अभियान के तहत नैनीताल पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाइयों में से एक को अंजाम दिया है। काठगोदाम पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने 1.85 करोड़ रुपये कीमत की 618 ग्राम स्मैक बरामद करते हुए दो सगे भाइयों को गिरफ्तार किया है।

एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस को मुखबिर से मिली सूचना पर पश्चिमी खेड़ा स्थित इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप के पास घेराबंदी की गई। कार्रवाई के दौरान राजस्थान के भरतपुर निवासी गजब सिंह (उम्र 27 वर्षीय) और सीताराम (उम्र 37 वर्षीय) को दबोच लिया गया।

तलाशी में आरोपियों के कब्जे से 618 ग्राम स्मैक, इलेक्ट्रॉनिक तराजू और राजस्थान नंबर की कार बरामद हुई। पुलिस पूछताछ में खुलासा हुआ कि दोनों आरोपी राजस्थान से स्मैक लेकर हल्द्वानी पहुंचे थे और काठगोदाम रेलवे स्टेशन क्षेत्र में इसकी सप्लाई करने की तैयारी में थे। इसके बाद वे मुक्तेश्वर में अपने रिश्तेदारों के यहां जाने वाले थे, लेकिन पुलिस ने समय रहते पूरे नेटवर्क पर शिकंजा कस दिया।

जांच में यह भी सामने आया है कि मुख्य आरोपी गजब सिंह के खिलाफ राजस्थान में एनडीपीएस एक्ट और आबकारी अधिनियम के तहत कई मुकदमे पहले से दर्ज हैं। दूसरे आरोपी के आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है।

इस बड़ी सफलता पर एसएसपी नैनीताल ने पुलिस टीम को 2500 रुपये नकद पुरस्कार देने की घोषणा की है। पुलिस का कहना है कि देवभूमि को नशामुक्त बनाने के लिए तस्करों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!