नैनीताल, 05 जून।
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपने नैनीताल दौरे के दौरान कांग्रेस और राहुल गांधी पर तीखा राजनीतिक हमला बोला। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी को देश में कोई गंभीरता से नहीं लेता, क्योंकि वे भारतीय सैनिकों के शौर्य पर सवाल उठाने के साथ-साथ विदेशों में जाकर देश की छवि धूमिल करने का काम करते हैं।
मुख्यमंत्री धामी शुक्रवार को नैनीताल पहुंचे, जहां उन्होंने उत्तराखंड हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश मनोज कुमार गुप्ता से शिष्टाचार भेंट की। इसके बाद नैनीताल क्लब सभागार में पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की। तेज बारिश के बीच मुख्यमंत्री का नैनीताल आगमन हुआ।
भीमताल में विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री ने झील के चारों ओर फूल लगाने की मुहिम का शुभारंभ किया। साथ ही हनुमान मंदिर में दर्शन-पूजन कर विभिन्न विकास योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया।
रामलीला मैदान में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने करीब 96 करोड़ रुपये की लागत वाली छह विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इनमें काठगोदाम बाईपास, काठगोदाम पुल निर्माण और ग्रामीण सड़क परियोजनाएं प्रमुख हैं।
सीएम धामी ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण वर्तमान समय की सबसे बड़ी जरूरत है और आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रकृति को सुरक्षित रखना हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने प्रदेशवासियों से अधिक से अधिक पौधारोपण करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान स्थानीय खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों ने फ्लैट्स मैदान में बॉक्सिंग रिंग स्थापित करने की मांग भी मुख्यमंत्री के समक्ष रखी। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा, जनप्रतिनिधि, पार्टी कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।