देवप्रयाग, 02 जून 2026।
उत्तराखंड में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे ने चारधाम यात्रा की खुशियों को मातम में बदल दिया। देवप्रयाग के साकनीधार क्षेत्र में हरिद्वार की ओर जा रही श्रद्धालुओं से भरी एक इनोवा टैक्सी अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिरते हुए अलकनंदा नदी में समा गई। हादसे में अब तक तीन लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि कई अन्य यात्रियों के लापता होने की आशंका जताई जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार वाहन में राजस्थान से चारधाम यात्रा पर आए श्रद्धालु सवार थे। बताया जा रहा है कि इनोवा में आठ से अधिक लोग मौजूद थे। हादसा इतना भीषण था कि वाहन लगभग 200 मीटर गहरी खाई से नीचे नदी में जा गिरा। दुर्घटना में एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हुआ है, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद श्रीनगर बेस अस्पताल रेफर किया गया है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और एसडीआरएफ की टीमें तत्काल मौके पर पहुंचीं। व्यासी, श्रीनगर और ढालवाला से पहुंची एसडीआरएफ की तीन विशेष टीमें अलकनंदा नदी के तेज बहाव और दुर्गम परिस्थितियों के बीच राहत एवं बचाव अभियान चला रही हैं। अब तक तीन शव बरामद किए जा चुके हैं, जबकि अन्य लापता यात्रियों की तलाश लगातार जारी है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार वाहन अचानक चालक के नियंत्रण से बाहर हो गया और देखते ही देखते खाई में गिरकर नदी में समा गया। हादसे के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। प्रशासन ने आसपास के क्षेत्रों में भी सर्च ऑपरेशन तेज कर दिया है।
पुलिस मृतकों की पहचान करने और लापता यात्रियों का पता लगाने में जुटी हुई है। प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और आधिकारिक जानकारी का इंतजार करने की अपील की है।
फिलहाल राहत एवं बचाव कार्य युद्धस्तर पर जारी है और इस खबर को लगातार अपडेट किया जा रहा है।