हरिद्वार, 02 जून 2026।
सोशल मीडिया पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के विरुद्ध कथित रूप से अभद्र भाषा का प्रयोग कर वीडियो प्रसारित करने वाले युवक को सिडकुल पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। पुलिस मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।
पुलिस के अनुसार, 31 मई 2026 को रोशनाबाद निवासी बिंदरपाल पुत्र चंद्रभान पाल ने थाना सिडकुल में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि एक युवक ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर आपत्तिजनक वीडियो जारी कर प्रधानमंत्री भारत सरकार एवं मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश सरकार के खिलाफ अभद्र टिप्पणी की है।
तहरीर के आधार पर थाना सिडकुल में मुकदमा अभियोग पंजीकृत किया गया। मामले की जांच उपनिरीक्षक देवेंद्र चौहान को सौंपी गई।
प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित जांच शुरू की और वीडियो प्रसारित करने वाले आरोपी अतीक अहमद पुत्र शमशुल हसन निवासी रोशनाबाद, थाना सिडकुल, जनपद हरिद्वार को हिरासत में ले लिया। पुलिस के अनुसार आरोपी के विरुद्ध अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक देवेंद्र चौहान, हेड कांस्टेबल कुलदीप बगासी एवं कांस्टेबल मनीष की महत्वपूर्ण भूमिका रही।