नैनीताल, 22 मई 2026
नैनीताल जनपद में लगातार बढ़ रही भीषण गर्मी और हीटवेव जैसे हालात को देखते हुए जिला प्रशासन और शिक्षा विभाग ने बड़ा फैसला लिया है। बच्चों के स्वास्थ्य और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए मुख्य शिक्षा अधिकारी नैनीताल ने मैदानी क्षेत्रों के विद्यालयों के संचालन समय में बदलाव के आदेश जारी किए हैं।
जारी निर्देशों के अनुसार हल्द्वानी, रामनगर और कोटाबाग विकासखंड के अंतर्गत आने वाले सभी शासकीय, अशासकीय तथा निजी मान्यता प्राप्त विद्यालयों में 22 मई 2026 से अग्रिम आदेशों तक नई समयसारिणी लागू रहेगी।
आज से नई स्कूल टाइमिंग
प्रार्थना सभा – सुबह 6:45 बजे
विद्यालय संचालन – सुबह 7:00 बजे से 11:30 बजे तक
शिक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि यह आदेश केवल मैदानी क्षेत्रों के विद्यालयों पर लागू होगा। पर्वतीय क्षेत्रों के स्कूल पूर्व निर्धारित समय के अनुसार ही संचालित होते रहेंगे।
मुख्य शिक्षा अधिकारी गोविंद राम जायसवाल द्वारा जारी यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है। विभाग का कहना है कि बढ़ते तापमान और तेज धूप के बीच बच्चों को राहत देने तथा हीटवेव के खतरे से बचाने के उद्देश्य से यह निर्णय लिया गया है।
प्रशासन ने अभिभावकों से भी अपील की है कि वे बच्चों को पर्याप्त पानी पिलाएं, धूप से बचाव करें और स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखें।