रोशनाबाद, हरिद्वार 14 मई 2026 |
हरिद्वार पुलिस लाइन रोशनाबाद में पुलिस जवानों और उनके परिजनों के स्वास्थ्य एवं फिटनेस को ध्यान में रखते हुए अत्याधुनिक हेल्थ क्लब हॉल का निर्माण कराया जा रहा है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) नवनीत सिंह की विशेष पहल और सांसद निधि से प्राप्त सहयोग के माध्यम से बनने वाला यह हेल्थ क्लब पुलिस परिवारों के लिए एक बड़ी सौगात माना जा रहा है।






करीब 24 लाख 95 हजार रुपये की लागत से बनने वाले इस हेल्थ क्लब में पुलिस कर्मियों और उनके परिवारों को एक ही छत के नीचे फिटनेस प्रशिक्षण, स्वास्थ्य संबंधी मार्गदर्शन तथा आधुनिक व्यायाम उपकरणों की सुविधा उपलब्ध होगी।
प्रस्तावित हेल्थ क्लब हॉल के भूमि पूजन कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में राज्यसभा सांसद नरेश बंसल पहुंचे। उनके साथ रानीपुर विधायक आदेश चौहान तथा शिवालिक नगर पालिका परिषद अध्यक्ष राजीव शर्मा भी कार्यक्रम में शामिल हुए।
इस अवसर पर एसएसपी नवनीत सिंह ने सभी अतिथियों का बुके भेंट कर स्वागत किया और पुलिस लाइन में हेल्थ क्लब निर्माण के लिए सांसद निधि से बजट उपलब्ध कराने पर आभार व्यक्त किया।
भूमि पूजन के दौरान अतिथियों ने विधिवत पूजा-अर्चना कर निर्माण कार्य का शुभारंभ किया तथा अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्माण कार्य शीघ्र पूरा किया जाए और गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता न हो।
पुलिस कर्मियों के मानसिक और शारीरिक स्वास्थ्य को मजबूत बनाने की दिशा में यह पहल हरिद्वार पुलिस के लिए एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।