हरिद्वार, 11 मई 2026।
बहुचर्चित ड्रीम सिटी कॉलोनी प्रकरण में करोड़ों रुपये की संपत्ति, कोठी और एफडीआर हड़पने के आरोपों के बाद प्रॉपर्टी डीलर रवि चौहान और उसके पुत्र ऋषभ चौहान पर पुलिस का शिकंजा कसता जा रहा है। मुकदमा दर्ज होने के अगले ही दिन शहर कोतवाली पुलिस ने दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए ज्वालापुर क्षेत्र में दबिश दी, लेकिन पिता-पुत्र फरार मिले। पुलिस अब उनकी तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है।

मामला अधिवक्ता स्वर्गीय सुरेंद्र पाल सिंह विर्क की करोड़ों की संपत्ति से जुड़ा है। आरोप है कि रवि चौहान ने विर्क की कोठी, वाहन और अन्य संपत्तियों के साथ-साथ लाखों रुपये की एफडीआर भी फर्जी दस्तावेजों के जरिए अपने कब्जे में ले ली। बताया जा रहा है कि सुरेंद्र पाल सिंह विर्क प्रॉपर्टी कारोबार से जुड़े थे और उन्होंने कई संपत्तियां अपने विश्वसनीय लोगों के नाम कर रखी थीं। वर्ष 2015 में उनकी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद संपत्तियों को लेकर विवाद शुरू हो गया।
ज्वालापुर के सुभाष नगर निवासी रिचपाल कौर विर्क ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनके पति सुरेंद्र पाल सिंह विर्क और रवि चौहान साझेदारी में “ड्रीम सिटी” नाम से आवासीय कॉलोनी विकसित कर रहे थे। कॉलोनी परियोजना के लिए हरिद्वार-रुड़की विकास प्राधिकरण में 23 लाख 17 हजार रुपये की पांच एफडीआर जमा कराई गई थीं।
शिकायत के अनुसार, पति की मौत के बाद रवि चौहान ने कथित तौर पर फर्जी शपथपत्र और जाली हस्ताक्षरों के आधार पर 13.17 लाख रुपये की एफडीआर अपने पक्ष में अवमुक्त करा ली और रकम अपने बैंक खाते में ट्रांसफर कर ली। पीड़िता ने आरोप लगाया कि आरोपी ने उनकी मानसिक स्थिति का फायदा उठाकर अन्य संपत्तियों में भी धोखाधड़ी की।
इतना ही नहीं, पीड़िता का यह भी आरोप है कि 23 अप्रैल 2026 को जब उन्होंने रवि चौहान से इस मामले में बातचीत की, तब रवि चौहान और उसके बेटे ऋषभ चौहान ने कथित तौर पर बाडीगार्डों की मौजूदगी में उन्हें धमकाया और जमीन पर दावा छोड़ने का दबाव बनाया।
एसएसपी के निर्देश पर शहर कोतवाली पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच तेज कर दी है। उपनिरीक्षक खेमेन्द्र गंगवार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने सीतापुर स्थित आरोपी के आवास पर दबिश दी, लेकिन दोनों आरोपी मौके पर नहीं मिले।
शहर कोतवाल कुंदन सिंह राणा ने बताया कि आरोपी पिता-पुत्र की तलाश लगातार जारी है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।