श्यामपुर, 8 मई 2026 ।
विश्व रेडक्रॉस एवं रेडक्रिसेंट दिवस के अवसर पर इंडियन रेडक्रॉस के तत्वावधान में श्रीराम विद्या मंदिर श्यामपुर में प्राथमिक उपचार प्रशिक्षण, सीपीआर संगोष्ठी और चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में करीब 1200 छात्र-छात्राओं, अभिभावकों और क्षेत्रवासियों को प्राथमिक उपचार और मानव सेवा के प्रति जागरूक किया गया।

कार्यक्रम का आयोजन जिलाधिकारी एवं इंडियन रेडक्रॉस के अध्यक्ष मयूर दीक्षित के निर्देशन तथा मुख्य चिकित्साधिकारी एवं उपाध्यक्ष डॉ. राजेश कुमार सिंह के मुख्य संयोजन में किया गया। वहीं इंडियन रेडक्रॉस उत्तराखंड के चेयरमेन प्रो. डॉ. नरेश चौधरी के नेतृत्व में आयोजित इस शिविर का शुभारंभ सीनियर डिवीजन सिविल जज एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव सिमरनजीत कौर और डॉ. नरेश चौधरी ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।

इस अवसर पर सिविल जज सिमरनजीत कौर ने कहा कि सीपीआर और प्राथमिक उपचार का प्रशिक्षण लोगों को आपातकालीन परिस्थितियों में जीवन बचाने के लिए सक्षम बनाता है। उन्होंने प्रतिभागियों को निःशुल्क विधिक सहायता, साइबर अपराध से बचाव और मोबाइल के दुरुपयोग के प्रति भी जागरूक किया।

इंडियन रेडक्रॉस उत्तराखंड के चेयरमेन डॉ. नरेश चौधरी ने वर्ष 2026 की थीम “United in Humanity” पर प्रकाश डालते हुए मानव सेवा को सबसे बड़ा धर्म बताया। उन्होंने कहा कि श्यामपुर क्षेत्र आपदा और सड़क दुर्घटनाओं की दृष्टि से संवेदनशील है, इसलिए प्रशिक्षित प्रतिभागी अपने क्षेत्रों में फर्स्ट मेडिकल रिस्पॉन्डर की भूमिका निभाएंगे।

शिविर में रक्त जांच, दंत चिकित्सा, सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण और जरूरतमंदों को निःशुल्क दवाइयों का वितरण भी किया गया। श्रीराम विद्या मंदिर की ओर से स्वच्छता, तंबाकू उन्मूलन और नशा मुक्ति अभियान पर आधारित जागरूकता नाटिकाओं का मंचन भी आकर्षण का केंद्र रहा।
कार्यक्रम में स्कूल प्रबंधन, शिक्षकों, चिकित्सा टीम और विभिन्न सामाजिक कार्यकर्ताओं ने सक्रिय सहभागिता निभाई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!