हरिद्वार , 5 मई।
बहादराबाद ब्लॉक के हजाराग्रांट स्थित आंगनवाड़ी केंद्र में विश्व हाथ स्वच्छता दिवस के अवसर पर एक प्रभावशाली जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह कार्यक्रम रजत शहरी एवं ग्रामोथान संस्थान के तत्वावधान में संपन्न हुआ, जिसका मुख्य उद्देश्य बच्चों और माताओं को स्वच्छता के प्रति जागरूक करना और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना रहा।

कार्यक्रम के दौरान विशेषज्ञों द्वारा बच्चों और महिलाओं को व्यक्तिगत स्वच्छता के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। खास तौर पर हाथ धोने की सही विधि का लाइव प्रदर्शन कर बताया गया कि नियमित रूप से साबुन से हाथ धोने से कई संक्रामक बीमारियों से बचाव संभव है।

इस मौके पर बच्चों को स्वच्छता किट भी वितरित की गई, जिसमें टूथपेस्ट, टूथब्रश, साबुन, नेल कटर और तेल जैसी आवश्यक सामग्री शामिल रही। उद्देश्य यह था कि बच्चे इन आदतों को अपने दैनिक जीवन में शामिल करें।

कार्यक्रम में प्रोजेक्टर के माध्यम से स्वच्छता के महत्व पर प्रस्तुति भी दी गई। इस दौरान डॉ. बेबी यादव ने स्वच्छता के विभिन्न पहलुओं पर जानकारी देते हुए सभी को स्वस्थ रहने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम में ग्राम प्रधान श्रीमती ममतेश की गरिमामयी उपस्थिति रही। साथ ही आंगनवाड़ी कार्यकर्त्रियों – रीता चौधरी, संगीता देवी और संगीता ने आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

ग्राम प्रधान श्रीमती ममतेश ने पैनासोनिक लाइफ सोलूशन्स इंडिया प्राइवेट लिमिटेड और आयोजक संस्था का आभार जताते हुए ऐसे जनजागरूकता कार्यक्रमों के निरंतर आयोजन की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि इस तरह की पहल से समाज में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ती है और लोग स्वस्थ जीवन जीने के लिए प्रेरित होते हैं।

कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने स्वच्छता को अपने दैनिक जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने का संकल्प लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!