हरिद्वार, सोमवार 27 अप्रैल।
हरिद्वार के ज्वालापुर क्षेत्र के वार्ड नंबर 34 स्थित मोहल्ला कड़च्छ, बकरा मार्केट वाली गली में अवैध रूप से संचालित डेरी को लेकर स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी है। डेरी से उठने वाली दुर्गंध और गंदगी के कारण आसपास रहने वाले निवासियों का जीवन प्रभावित हो रहा है।

जिला सह गौ रक्षा प्रमुख एवं विश्व हिंदू परिषद-बजरंग दल हरिद्वार से जुड़े कमल उलियान ने नगर आयुक्त को शिकायत पत्र देकर डेरी को तत्काल बंद कराने की मांग की है। उनका कहना है कि डेरी संचालक बिक्कन द्वारा क्षमता से अधिक गाय-भैंस डेरी में रखी गई हैं, जिससे क्षेत्र में गंदगी और बीमारी फैलने का खतरा बना हुआ है।
आरोप है कि जानवरों से निकलने वाला मल-मूत्र सीधे नाले में छोड़ा जा रहा है, जिससे आसपास के क्षेत्र में बदबू और अस्वच्छता की स्थिति पैदा हो गई है। साथ ही यह भी कहा गया है कि डेरी संचालक ने किसी भी विभाग से संचालन की अनुमति नहीं ली है।
शिकायतकर्ता ने जनहित और स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं को देखते हुए नगर निगम से अवैध डेरी को तत्काल बंद कराने और उचित कार्रवाई करने की मांग की है।