हरिद्वार। सोमवार , 27 अप्रैल
कोतवाली नगर क्षेत्र के निर्मला छावनी में आपसी झगड़े के दौरान युवक पर ईंट से हमला कर घायल करने और बाद में उसकी मौत होने के मामले में पुलिस ने आरोपी को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, 25 अप्रैल 2026 को निर्मला छावनी निवासी एक व्यक्ति ने शिकायत दर्ज कराई कि 23 अप्रैल की रात उसके छोटे भाई दीपक सक्सेना का पड़ोसी सौरभ कौरी से किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। झगड़े के दौरान दीपक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए एम्स ऋषिकेश ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
तहरीर के आधार पर कोतवाली नगर हरिद्वार में मुकदमा धारा 105 बीएनएस के तहत सौरभ कौरी के खिलाफ मामला दर्ज किया गया।
एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर के निर्देश पर गठित पुलिस टीम ने मुखबिर तंत्र को सक्रिय कर संभावित स्थानों पर तलाश शुरू की। पुलिस ने आरोपी सौरभ कौरी को हिलवई पास रोड स्थित जंगल क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि 23 अप्रैल की रात मृतक द्वारा गाली-गलौज करने पर उसने गुस्से में पास पड़ी ईंट उठाकर दीपक के सिर पर वार कर दिया। घायल दीपक वहां से चला गया था। बाद में उसकी मौत की जानकारी मिलने पर आरोपी डर के कारण जंगल में छिप गया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान सौरभ कौरी (उम्र 25 वर्ष), पुत्र रामदास कौरी, निवासी निर्मला छावनी, थाना कोतवाली नगर, हरिद्वार को नियमानुसार न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
इस कार्यवाही में कोतवाली नगर पुलिस टीम प्रभारी निरीक्षक कुन्दन सिंह राणा, उपनिरीक्षक प्रदीप कुमार, कांस्टेबल सुमित कुमार और कांस्टेबल सौरभ नौटियाल शामिल रहे।