बुधवार , 22 अप्रैल।
देहरादून/उधमसिंह नगर:
उत्तराखंड में लगातार बढ़ती गर्मी अब चिंता का विषय बन चुकी है। मैदानी इलाकों के साथ-साथ पहाड़ी क्षेत्रों में भी तापमान तेजी से बढ़ रहा है। चिलचिलाती धूप और उमस भरी गर्मी ने जनजीवन को प्रभावित कर दिया है, खासकर स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और गर्भवती महिलाओं के लिए हालात चुनौतीपूर्ण हो गए हैं।
हीट वेव की आशंका को देखते हुए उधमसिंह नगर जिला प्रशासन ने बड़ा एहतियाती फैसला लिया है। 22 अप्रैल 2026 से एक सप्ताह तक जिले के सभी सरकारी, गैर-सरकारी स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों के समय में बदलाव किया गया है।
नया समय सारणी लागू :-
आदेश के अनुसार आंगनबाड़ी (नर्सरी) केंद्र सुबह 7:30 बजे से 11:00 बजे तक संचालित होंगे, जबकि कक्षा 1 से 12 तक के सभी सरकारी और निजी स्कूल सुबह 7:30 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक चलेंगे। प्रशासन का उद्देश्य बच्चों और अन्य संवेदनशील वर्गों को भीषण गर्मी के प्रभाव से बचाना है।
मौसम विभाग की चेतावनी :-
देहरादून स्थित मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार मैदानी क्षेत्रों में तापमान लगातार बढ़ रहा है और अगले 4 से 5 दिनों तक राहत के कोई संकेत नहीं हैं। हीट वेव जैसी स्थिति बनने की संभावना जताई गई है। अत्यधिक तापमान के कारण डिहाइड्रेशन और हीट स्ट्रोक का खतरा भी बढ़ सकता है।
कड़ी कार्रवाई के निर्देश :-
प्रशासन ने सभी शिक्षण संस्थानों और संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि आदेश का सख्ती से पालन सुनिश्चित किया जाए। उल्लंघन करने पर आपदा प्रबंधन अधिनियम 2005 के तहत कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
जनजीवन पर असर :-
तेज गर्मी के चलते दिन के समय लोगों ने घरों से निकलना कम कर दिया है। छोटे बच्चों को स्कूलों में गर्मी से परेशानी हो रही है, वहीं कामकाजी लोगों की दिनचर्या भी प्रभावित हुई है। पहाड़ी इलाकों में भी गर्मी का असर साफ तौर पर महसूस किया जा रहा है।
सावधानी ही बचाव :-
प्रशासन का यह फैसला राहत जरूर देता है, लेकिन संकेत साफ हैं कि आने वाले दिनों में गर्मी और बढ़ सकती है। ऐसे में लोगों को सतर्क रहने, पर्याप्त पानी पीने और धूप से बचाव के उपाय अपनाने की सलाह दी गई है।