रामनगर के हिम्मतपुर डोटियाल क्षेत्र स्थित कोजी कैफे होटल एवं होमस्टे में दिनांक 18 अप्रैल को पुलिस ने एक संवेदनशील मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए दो नाबालिग छात्राओं को बरामद किया। दोनों छात्राएं स्कूल यूनिफॉर्म में थीं और कमरे में उनके साथ दो युवक भी मौजूद पाए गए।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और तुरंत कार्रवाई करते हुए दोनों युवकों को हिरासत में ले लिया। वहीं, छात्राओं को सुरक्षित अभिरक्षा में रखा गया है और उनसे आवश्यक पूछताछ की जा रही है।

बताया जा रहा है कि इस मामले की सूचना पूर्व भाजपा मंडल अध्यक्ष मदन जोशी ने पुलिस को दी, जिसके बाद छापेमारी की गई। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि होटल प्रबंधन ने कमरा देने से पहले पहचान पत्र (ID) की जांच नहीं की, जिसे गंभीर लापरवाही मानते हुए पुलिस ने होटल को तत्काल सील कर दिया।

इसके अलावा होटल में संचालित हुक्का बार को भी बंद करा दिया गया है। पुलिस ने जांच के लिए होटल के सीसीटीवी कैमरे और डीवीआर को कब्जे में लेकर पूरे घटनाक्रम की गहन जांच शुरू कर दी है।

स्कूल और अभिभावकों पर भी सवाल
सूत्रों के अनुसार, दोनों छात्राएं शहर के एक इंटर कॉलेज की हैं। इस घटना के बाद स्कूलों की निगरानी व्यवस्था और छात्रों की उपस्थिति प्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि अनुपस्थित छात्रों की सूचना समय पर अभिभावकों तक पहुंचनी चाहिए, ताकि ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।
पुलिस के अनुसार मामला बेहद संवेदनशील है और हर पहलू से जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!