हरिद्वार | 15 अप्रैल 2026
मानवता और संवेदनशील पुलिसिंग का एक और उदाहरण सामने आया है, जहां AHTU हरिद्वार की “ऑपरेशन स्माइल” टीम ने नेपाल से लापता छठी कक्षा के छात्र को सकुशल बरामद कर उसके परिवार से मिलवाया।



नेपाल के बागमती प्रांत के मकवानपुर जिले के ग्राम बसामाड़ी निवासी हरिशरण बतोला का बेटा सोहन बतोला 29 मार्च 2026 से अचानक लापता हो गया था। परिवार ने हर संभव जगह तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिलने पर स्थानीय पुलिस थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई गई।
मामले की जानकारी मिलने पर AHTU हरिद्वार की “ऑपरेशन स्माइल” टीम ने सक्रियता दिखाते हुए बच्चे की तलाश शुरू की। टीम ने नेपाली भाषा में काउंसलिंग करवाई और मल्टीमीडिया माध्यमों के जरिए नेपाल तक सूचना प्रसारित की। साथ ही नेपाली संस्थाओं और पुलिस से लगातार संपर्क बनाए रखा।
लगातार प्रयासों के बाद 12 अप्रैल 2026 को सफलता मिली, जब हेटौडा (नेपाल) पुलिस से संपर्क कर बालक की पहचान और गुमशुदगी की पुष्टि हुई। इसके बाद हरिद्वार पुलिस ने बच्चे के पिता हरिशरण को हरिद्वार बुलाकर सभी आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की।
बाल कल्याण समिति के आदेश पर सोहन को उसके पिता के सुपुर्द कर दिया गया और उन्हें सुरक्षित नेपाल के लिए रवाना किया गया।
अपने बेटे से मिलकर पिता की आंखों में खुशी के आंसू थे, वहीं हरिद्वार पुलिस के प्रति गहरा आभार भी झलक रहा था। नेपाल पुलिस और परिजनों ने हरिद्वार पुलिस की त्वरित कार्रवाई और मानवीय व्यवहार की सराहना करते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक का धन्यवाद किया।
ऑपरेशन स्माइल टीम (AHTU हरिद्वार): मुख्य आरक्षी राकेश कुमार, मुख्य आरक्षी बीना गोदियाल, आरक्षी दीपक चंद, महिला आरक्षी शशिबाला शामिल रहे।
यह घटना एक बार फिर साबित करती है कि सीमाओं के पार भी इंसानियत और सहयोग की मिसाल कायम की जा सकती है।