
देहरादून में रिटायर्ड ब्रिगेडियर मुकेश जोशी की मौत का मामला लगातार सुर्खियों में है। इस मामले में पुलिस ने कार्रवाई तेज करते हुए दो और आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में एक आरोपी को गोली भी लगी है।
एसएसपी देहरादून प्रभेन्द्र डोभाल के मुताबिक, कल शुक्रवार दिनांक 3 अप्रैल देर रात पुलिस को सूचना मिली थी कि दो आरोपी गुनियाल गांव में छिपे हुए हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी। खुद को घिरता देख बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी, जिसके जवाब में पुलिस ने भी कार्रवाई की।
मुठभेड़ के दौरान एक बदमाश को गोली लगी, जबकि दूसरे को मौके से दबोच लिया गया। घायल आरोपी की पहचान मोहम्मद कविश, निवासी खलापार, मुजफ्फरनगर के रूप में हुई है, जबकि दूसरा आरोपी शान्तनु त्यागी, निवासी बेहट, सहारनपुर बताया गया है।
इससे पहले पुलिस इस मामले में सात आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है, और अब तक कुल नौ आरोपी पकड़े जा चुके हैं।
गौरतलब है कि, 75 वर्षीय ब्रिगेडियर मुकेश कुमार जोशी सुबह टहलने के लिए अपने घर से दो अन्य व्यक्तियों के साथ निकले थे। इसी दौरान मसूरी रोड पर तेज रफ्तार दो कारों में सवार युवकों के बीच आपसी फायरिंग हो रही थी। इस गोलीबारी की चपेट में आकर एक गोली उनके सीने में लगी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और बाकी आरोपियों की तलाश जारी है।