राजधानी देहरादून से हिंसक झड़प की खबर सामने आ रही है। जिसमें एक छात्र की मौत होना बताया जा रहा है प्राप्त जानकारी के मुताबिक देहरादून में उत्तरांचल यूनिवर्सिटी के छात्र दिव्यांशु जटराणा की सिर पर फावड़ा मारकर हत्या कर दी गई। दिव्यांशु यूपी के मुजफ्फरनगर से B.Tech की पढ़ाई करने देहरादून आया था।
देहरादून पुलिस के अनुसार, छात्रों के दो गुटों के बीच हुई हिंसक झड़प के दौरान यह घटना हुई, जिसमें दिव्यांशु गंभीर रूप से घायल हो गया और बाद में उसकी मौत हो गई।
एसपी सिटी प्रमोद कुमार ने बताया कि मामले में हत्या का मुकदमा दर्ज करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य की तलाश जारी है। पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।
घटना सोमवार (23 मार्च) की रात केहरी गांव, प्रेमनगर की है, जहां उत्तरांचल यूनिवर्सिटी में पढ़ने वाले छात्रों के दो पक्षों के बीच पुरानी रंजिश और वर्चस्व को लेकर विवाद हुआ था।
देखते ही देखते विवाद ने हिंसक रूप ले लिया और दोनों गुटों के बीच लाठी-डंडों से मारपीट शुरू हो गई, जिसमें एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया था।
पुलिस के मुताबिक, घटना सोमवार की रात करीब 8:30 बजे की है। केहरी गांव बैंड मेन रोड पर स्थित ‘बावा की रसोई’ में मुजफ्फरनगर निवासी छात्र दिव्यांशु जटराणा खाना खाने गया था। वहां पहले से मौजूद कॉलेज के ही दूसरे गुट के छात्रों के साथ उसका विवाद हुआ।
दिव्यांशु जटराणा के दोस्तों ने बताया कि देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ा कि आर्यन शर्मा, शिवम शर्मा, मधुर, अंकुर, प्रह्यलादराज शान्तनू, उज्जवल, आकाश, वैभव मिश्रा, ऋतिक राजपुत, अकुर सिंह, वैभव शर्मा, अंकित भारद्वाज, युवराज चौहान, आदित्य राज समेत अज्ञात छात्रों ने षड्यंत्र करते हुए एक राय होकर लाठी-डंडों और फावड़े से दिव्यांशु पर जानलेवा हमला कर दिया।
घटना के बाद आस-पास मौजूद लोग उसे पहले प्रेमनगर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां से हालत गंभीर होने पर दून अस्पताल रेफर किया गया। एम्बुलेंस खराब होने पर पुलिस ने अपने वाहन से उसे अस्पताल पहुंचाया, लेकिन देर रात इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मृतक के परिजनों को सूचना दी। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए मोर्चरी में रखवाया गया है। मृतक के चाचा गौरव राणा की शिकायत पर प्रेमनगर पुलिस ने 15 नामजद छात्रों के खिलाफ हत्या (BNS की धारा 103(1)) सहित दंगा करने और साजिश रचने की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार में लिया है, जिनकी पहचान युवराज कुमार (BBA सेकंड ईयर), मधुर खंडेलवाल (B.Tech थर्ड ईयर) और शिवम शर्मा (B.Tech थर्ड ईयर) के रूप में हुई है। तीनों छात्र प्रेमनगर क्षेत्र में किराए पर रह रहे थे। पुलिस ने मामले में कुछ बच्चों को हिरासत में भी ले लिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *