देहरादून से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है।
भाजपा पार्षद के घर घरेलू सहायक द्वारा खाने में कथित तौर पर नशीला पदार्थ मिलाकर पूरे परिवार को बेहोश करने और लाखों रुपये के सोने के आभूषण लेकर फरार होने का मामला सामने आया है।
वारदात के बाद इलाके में हड़कंप मचा हुआ है।
मामला बल्लीवाला चौक स्थित नाथ वाटिका के पास का है, जहां भाजपा पार्षद अमिता सिंह अपने परिवार के साथ रहती हैं।
बताया जा रहा है कि करीब 20 दिन पहले ही पार्षद की बेटी मेघ ने दिल्ली से नेपाल मूल के एक व्यक्ति को घरेलू कामकाज के लिए घर पर रखा था।
आरोप है कि मंगलवार रात घरेलू सहायक ने खाने में नशीला पदार्थ मिला दिया।
खाना खाने के बाद परिवार के सदस्यों की हालत बिगड़ने लगी और वे बेहोशी की हालत में पहुंच गए।
इसी दौरान आरोप है कि घरेलू सहायक घर में रखे लाखों रुपये के सोने के आभूषण लेकर अपने कथित साथियों के साथ फरार हो गया।
जब परिवार के सदस्यों को होश आया तो घर से आभूषण गायब मिले। इसके बाद पूरे मामले की जानकारी पुलिस को दी गई।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
घटना में भाजपा पार्षद अमिता सिंह को सिनर्जी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि उनके पति महिपाल सिंह और बेटे शुभम सिंह की हालत फिलहाल ठीक बताई जा रही है।
अब पुलिस के सामने सबसे बड़ा सवाल है—
क्या यह पूरी वारदात पहले से सुनियोजित थी?
पुलिस घरेलू सहायक के पिछले रिकॉर्ड, उसके संपर्कों और उसके साथियों के बारे में जानकारी जुटा रही है।
आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि फरार आरोपितों की आवाजाही और उनकी पहचान से जुड़े सुराग मिल सकें।
पुलिस की टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं और चोरी किए गए सोने के आभूषणों की बरामदगी के प्रयास भी किए जा रहे हैं।
करीब 20 दिन पहले घर में काम पर रखा गया घरेलू सहायक आखिर इतनी बड़ी वारदात को कैसे अंजाम देकर फरार हो गया—
अब पुलिस इसी सवाल का जवाब तलाश रही है।
फिलहाल पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है और पूरे मामले की जांच जारी है।