अर्धकुंभ से पहले हरिद्वार में बड़ा बदलाव होने जा रहा है।
नगर निगम की बोर्ड बैठक में शहर के कई चर्चित इलाकों के नाम बदलने समेत कई अहम प्रस्तावों पर चर्चा होने वाली है।
हरिद्वार नगर निगम की बोर्ड बैठक सोमवार, 28 सितंबर को ऋषिकुल ऑडिटोरियम में प्रस्तावित है। बैठक के एजेंडे में नाम परिवर्तन से लेकर पार्किंग, विज्ञापन, अतिक्रमण, यातायात व्यवस्था और नगर निगम की संपत्तियों से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दे शामिल हैं।
सबसे ज्यादा चर्चा शहर के अलग-अलग क्षेत्रों के नाम बदलने के प्रस्ताव को लेकर है।
नगर निगम के एजेंडे के मुताबिक—
चमगादड़ टापू का नाम ‘गंगा द्वीप’,
रोड़ी बेलवाला का नाम ‘हरि वन’,
गड्ढा पार्किंग का नाम ‘अलकनंदा पार्किंग’,
उत्तम बस्ती का नाम ‘उत्तम नगर’,
और कबाड़ी बस्ती का नाम ‘सुंदर बस्ती’ किए जाने का प्रस्ताव रखा गया है।
हालांकि, इन प्रस्तावों पर अंतिम फैसला बोर्ड की बैठक में चर्चा और मंजूरी के बाद ही आगे बढ़ेगा।
इसके अलावा नगर निगम के लंबित मुकदमों के जल्द निस्तारण के लिए विधि प्रकोष्ठ गठित करने का प्रस्ताव भी बैठक में रखा जाएगा।
वहीं, किन्नर बधाई शुल्क के निर्धारण के लिए उपविधि बनाने पर भी बोर्ड विचार करेगा।
शहर में विज्ञापन व्यवस्था को लेकर भी बड़ा प्रस्ताव है।
एजेंडे में शहर में लगाए जाने वाले सभी यूनिपोल विज्ञापनों का अधिकार नगर निगम में निहित करने का प्रस्ताव शामिल है।
इसके साथ ही डिवाइडर पोल पर लगे विज्ञापनों और जगह-जगह लटके विभिन्न कंपनियों के तारों को हटाने, नगर निगम की सीमाओं पर स्वागत द्वार बनाने और पन्नालाल भल्ला म्यूनिसिपल कॉलेज परिसर में विधि महाविद्यालय या उच्च शिक्षण संस्थान स्थापित करने से जुड़े प्रस्ताव भी बोर्ड के सामने रखे जाएंगे।
अब बात नगर निगम की संपत्तियों की।
ग्राम सराय में खरीदी गई भूमि की सेल डीड निरस्त करने और भूमि खरीद के लिए भुगतान की गई धनराशि नगर निगम के खाते में वापस लेने से जुड़ा प्रस्ताव भी एजेंडे में शामिल है।
इसके अलावा मां मनसा देवी रोपवे के संचालन और अनुरक्षण की अवधि बढ़ाने का मामला भी बैठक में रखा जाएगा। आगामी निविदा प्रक्रिया पूरी होने तक अवधि बढ़ाने को लेकर भी बोर्ड विचार करेगा।
यानी अर्धकुंभ से पहले होने वाली यह बैठक हरिद्वार के लिए कई मायनों में महत्वपूर्ण है।
अब देखना होगा कि बोर्ड की बैठक में इनमें से किन प्रस्तावों को मंजूरी मिलती है और हरिद्वार के किन इलाकों की पहचान बदलती है।