हरिद्वार, 30 अगस्त।
पर्यावरण संरक्षण और हरित हरिद्वार के संकल्प को धरातल पर उतारने के लिए निरंतर कार्य कर रहीं लोक कल्याण सेवा ट्रस्ट की संस्थापक अध्यक्ष एडवोकेट प्राची गुप्ता को अमर उजाला की ओर से आयोजित ‘नारी शक्ति वंदन सम्मान’ से सम्मानित किया गया।

यह सम्मान उन्हें पर्यावरण के क्षेत्र में उनके उत्कृष्ट एवं उल्लेखनीय योगदान के लिए प्रदान किया गया।होटल रॉयल वृंदावन में आयोजित सम्मान समारोह में प्राची गुप्ता को सम्मानित किए जाने पर उपस्थित गणमान्य लोगों ने उनके पर्यावरण संरक्षण के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने अपने सामाजिक दायित्व को केवल जागरूकता तक सीमित न रखते हुए पौधरोपण को जन-अभियान का रूप देने का प्रयास किया है।
लोक कल्याण सेवा ट्रस्ट द्वारा चलाए जा रहे ‘हरित हरिद्वार अभियान’ के अंतर्गत पूरे हरिद्वार शहर में लगातार पौधरोपण किया जा रहा है। संस्था के माध्यम से अब तक 350 से अधिक पौधे लगाए जा चुके हैं। मंदिरों, विद्यालयों, पार्कों और अस्पतालों जैसे सार्वजनिक एवं महत्वपूर्ण स्थानों पर औषधीय, फलदार और फूलदार पौधों का रोपण किया गया है।
एडवोकेट प्राची गुप्ता का कहना है कि पर्यावरण संरक्षण केवल एक व्यक्ति या संस्था की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य से जुड़ा विषय है। इसी सोच के साथ उन्होंने इस वर्ष 1,000 से अधिक पौधे लगाने का संकल्प लिया है। उनका लक्ष्य पौधरोपण के साथ-साथ लगाए गए पौधों के संरक्षण और उनके वृक्ष बनने तक देखभाल करने का भी है।
सम्मान समारोह में कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक, विधायक आदेश चौहान, ऋषि सचदेवा, मयंक शर्मा, अमर उजाला की टीम सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।नारी शक्ति वंदन सम्मान ने प्राची गुप्ता के पर्यावरण संरक्षण के प्रयासों को एक नई पहचान देने के साथ ही हरित हरिद्वार के अभियान को भी प्रोत्साहन दिया है। उनका 1,000 से अधिक पौधे लगाने का संकल्प आने वाले समय में शहर को और अधिक हराभरा बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।