लक्सर, 25 सितंबर।
देहरादून में आयोजित ‘मुख्यमंत्री ट्रॉफी खेल महाकुंभ’ की पावरलिफ्टिंग प्रतियोगिता में लक्सर के 18 वर्षीय खिलाड़ी वरदान चौधरी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 83 किलोग्राम भार वर्ग में रजत पदक हासिल किया। वरदान की इस उपलब्धि से लक्सर कस्बे के साथ-साथ उनके परिवार और क्षेत्र में खुशी का माहौल है।
कड़ी प्रतिस्पर्धा के बीच वरदान ने अपनी दमदार प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए स्क्वैट में 230 किलोग्राम, बेंच प्रेस में 127.5 किलोग्राम और डेडलिफ्ट में 250 किलोग्राम वजन उठाया। इस तरह उन्होंने कुल 607.5 किलोग्राम की लिफ्ट दर्ज कर प्रतियोगिता में दूसरा स्थान हासिल किया।
वरदान की इस सफलता के पीछे उनकी कड़ी मेहनत और निरंतर अभ्यास के साथ-साथ उनकी कोच संगीता राणा का महत्वपूर्ण मार्गदर्शन रहा। संगीता राणा विश्व कप, विश्व, एशियाई तथा एशिया पैसिफिक स्तर पर चैंपियन रह चुकी हैं। वरदान ने अपनी इस उपलब्धि का श्रेय अपनी कोच संगीता राणा के मार्गदर्शन के साथ-साथ अपने पिता सचिन कुमार और माता गीता देवी के सहयोग एवं प्रोत्साहन को दिया।
वरदान इससे पहले भी 19 वर्ष से कम आयु वर्ग में राष्ट्रीय चैंपियन रह चुके हैं। लगातार बेहतर प्रदर्शन कर रहे वरदान की यह उपलब्धि उनके उज्ज्वल खेल भविष्य की ओर संकेत करती है।
परिवार और क्षेत्रवासियों ने वरदान की सफलता पर खुशी जताते हुए उन्हें बधाई दी। वरदान का लक्ष्य भविष्य में राष्ट्रीय स्तर पर और बेहतर प्रदर्शन करते हुए लक्सर और उत्तराखंड का नाम देशभर में रोशन करना है।