चॉकलेट और चीज दिलाने का लालच देकर 5 वर्षीय बच्ची को खंडहर में ले गया था आरोपी, वारदात के बाद दिल्ली फरार हो गया था; बच्ची के बताए हुलिए और स्केच से मिली पुलिस को सफलता

कलियर (हरिद्वार),6 नवंबर ।

पांच साल की मासूम बच्ची के साथ हुई दरिंदगी के मामले में आखिरकार कलियर पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। करीब एक महीने तक चली गहन जांच, सीसीटीवी फुटेज की पड़ताल और संदिग्ध का स्केच तैयार करने के बाद पुलिस ने इस सनसनीखेज ब्लाइंड केस का खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी वारदात को अंजाम देने के बाद पकड़े जाने के डर से दिल्ली फरार हो गया था।

मामले के अनुसार, 7 अक्टूबर 2026 को मोतीचूर, बहराइच (उत्तर प्रदेश) निवासी पीड़िता के पिता ने कोतवाली कलियर में शिकायत दर्ज कराई थी कि 6 अक्टूबर को किसी अज्ञात व्यक्ति ने उनकी पांच वर्षीय बेटी के साथ दुष्कर्म किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी।

एसएसपी के निर्देश पर गठित हुई विशेष टीम

मासूम के साथ हुई इस जघन्य वारदात को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी नवनीत सिंह ने प्रभारी निरीक्षक कलियर के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीम गठित की। साथ ही मामले की जांच में तेजी लाने और कार्रवाई की नियमित जानकारी देने के निर्देश दिए।

पुलिस के सामने सबसे बड़ी चुनौती आरोपी की पहचान करना था। शिकायतकर्ता की ओर से उपलब्ध कराए गए संदिग्धों के फोटो और नाम के आधार पर जांच की गई। इसके साथ ही कलियर दरगाह परिसर, कलियर-रुड़की मार्ग, बस स्टेशन, रेलवे स्टेशन और बाजारों में लगे 250 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। बच्ची द्वारा बताए गए हुलिए के आधार पर आरोपी का स्केच भी तैयार कराया गया।

एक महीने की मशक्कत के बाद गिरफ्त में आया आरोपी

लगातार सुरागरसी और जांच के बाद पुलिस टीम ने 5 नवंबर 2026 को अब्दाल साहब रोड से इमलीखेड़ा जाने वाले मार्ग पर कलियर से करीब दो किलोमीटर आगे पुलिया के पास एक संदिग्ध को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने कथित तौर पर वारदात में अपनी संलिप्तता स्वीकार की।

पुलिस के अनुसार, आरोपी ने करीब एक महीने पहले कलियर टीन शेड के पास अकेली बच्ची को देखकर उसे चीज दिलाने का लालच दिया और बहला-फुसलाकर पीएनबी बैंक के पास स्थित एक खंडहर में ले गया। वहां बारिश रुकने के बाद चीज दिलाने का भरोसा देकर उसने बच्ची के साथ दुष्कर्म किया। वारदात के बाद किसी को कुछ न बताने की धमकी दी और बच्ची को वहां छोड़कर फरार हो गया।

पुलिस के मुताबिक, पकड़े जाने के डर से आरोपी ने अगली सुबह अपनी झोपड़ी हटाई और दिल्ली चला गया। करीब एक महीने तक पुलिस से बचने के बाद आखिरकार वह पुलिस के हत्थे चढ़ गया।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी की पहचान सिकन्दर उर्फ जमीं खां (35 वर्ष), पुत्र जकी खां, निवासी पुराना रामपुर रोड, शाहबाद, जिला रामपुर (उत्तर प्रदेश), हाल निवासी हज कमेटी के पास झुग्गी-झोपड़ी, कलियर, हरिद्वार के रूप में की है।

इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक कमल मोहन भंडारी, वरिष्ठ उपनिरीक्षक रमेश कुमार सैनी, उपनिरीक्षक अमित नौटियाल, महिला उपनिरीक्षक एकता ममगाईं सहित कलियर कोतवाली पुलिस और सीआईयू रुड़की की टीम शामिल रही।

250 से अधिक कैमरों की जांच, स्केच और लगातार प्रयासों के बाद पुलिस को मिली सफलता। पांच वर्षीय मासूम के साथ हुई इस जघन्य घटना के आरोपी की गिरफ्तारी से मामले के खुलासे का रास्ता साफ हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!