हरिद्वार, 26 नवंबर !

2008 की वह काली रात, जब मुंबई आतंकियों के हमले से दहल उठी थी। बुधवार की रात शुरू हुआ यह आतंकी हमला करीब 60 घंटे तक चला। लश्कर-ए-तैयबा के 10 आतंकियों ने मुंबई में कई स्थानों को निशाना बनाया। इस भयावह हमले में 166 निर्दोष लोगों की जान गई, 300 से अधिक लोग घायल हुए और 9 आतंकी मारे गए। आज 18 साल बाद भी उस दर्दनाक घटना की यादें देशवासियों के दिलों में ताजा हैं

इसी शहादत और बलिदान को याद करते हुए हरिद्वार के अमात्रा रिसॉर्ट में 26/11 मुंबई आतंकी हमले में शहीद हुए वीर जवानों और निर्दोष नागरिकों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। कार्यक्रम का आयोजन अमात्रा रिसॉर्ट के जीएम राहुल ठाकुर के नेतृत्व में किया गया।

इस अवसर पर सोनम रावत, रोहित शर्मा सहित रिसॉर्ट का समस्त स्टाफ मौजूद रहा। सभी ने शहीदों को नमन करते हुए उनके अदम्य साहस, सर्वोच्च बलिदान और देश के प्रति समर्पण को याद किया।

कार्यक्रम का सबसे भावुक पल तब देखने को मिला, जब अमात्रा रिसॉर्ट में कार्यरत शेफ नेगी जी ने 26/11 की भयावह घटना से जुड़ी अपनी आंखों देखी यादें साझा कीं। वर्ष 2008 में वह मुंबई के ओबेरॉय होटल में शेफ के रूप में कार्यरत थे और उन्होंने उस आतंकी हमले को बेहद करीब से देखा था। उनकी दर्दभरी यादों ने उपस्थित लोगों को भावुक कर दिया।

अमात्रा रिसॉर्ट के जीएम राहुल ठाकुर द्वारा समय-समय पर देश के वीर शहीदों को याद करने और उनके सम्मान में कार्यक्रम आयोजित करने की पहल को सभी ने सराहा।

इस श्रद्धांजलि कार्यक्रम के माध्यम से संदेश दिया गया कि देश की रक्षा के लिए अपने प्राणों का बलिदान देने वाले वीरों की शहादत कभी भुलाई नहीं जा सकती। उनका साहस, त्याग और बलिदान हमेशा देशवासियों के दिलों में अमर रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed

error: Content is protected !!