हरिद्वार पुलिस की महिला एवं बाल अपराधों पर जीरो टॉलरेंस नीति के तहत कार्रवाई — पॉक्सो एक्ट में मुकदमा दर्ज, साक्ष्य संकलन व अन्य विधिक कार्रवाई जारी

रुड़की, 14 सितम्बर ।
महिला एवं बाल अपराधों के प्रति हरिद्वार पुलिस की जीरो टॉलरेंस नीति के तहत कोतवाली गंगनहर पुलिस ने नाबालिग से दुष्कर्म के गंभीर मामले में वांछित आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी पर 14 वर्षीय नाबालिग को डराने-धमकाने तथा कथित रूप से नशीली दवा खिलाकर उसके साथ दुष्कर्म करने का आरोप है।

पुलिस के अनुसार, 11 सितंबर 2026 को पीड़िता के परिजन की ओर से कोतवाली गंगनहर में तहरीर दी गई थी। तहरीर में आरोप लगाया गया कि अभियुक्त ने नाबालिग को डरा-धमकाकर और नशीली दवा खिलाकर उसके साथ दुष्कर्म किया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए कोतवाली गंगनहर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए संबंधित धाराओं एवं पॉक्सो अधिनियम के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत किया। प्रकरण की जानकारी तत्काल पुलिस के उच्चाधिकारियों को दी गई।

एसएसपी के निर्देश पर गठित की गईं पुलिस टीमें
मामले की संवेदनशीलता और नाबालिग से जुड़े अपराध को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार ने आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए। निर्देशों के अनुपालन में प्रभारी निरीक्षक कोतवाली गंगनहर ने पुलिस की अलग-अलग टीमें गठित कर आरोपी की तलाश में रवाना कीं।

पुलिस टीमों ने संभावित ठिकानों पर दबिश देने के साथ-साथ साक्ष्य संकलन और सुरागरसी-पतारसी शुरू की। लगातार किए गए प्रयासों के बाद पुलिस को आरोपी की लोकेशन के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी मिली।

रुड़की रेलवे स्टेशन से हिरासत में लिया आरोपी
पुलिस के मुताबिक, तलाश के दौरान टीम ने मुकदमे से संबंधित वांछित आरोपी को रुड़की रेलवे स्टेशन से हिरासत में ले लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान मो. नजीर पुत्र मो. अजीज अहमद, निवासी रसौली बाजार, बाराबंकी, जनपद बाराबंकी, उत्तर प्रदेश, हाल निवासी पाडली गुर्जर, तेल्लीवाला, थाना गंगनहर, जनपद हरिद्वार, उम्र करीब 33 वर्ष के रूप में हुई है।

पुलिस का कहना है कि प्रकरण में उपलब्ध तथ्यों एवं साक्ष्यों के आधार पर आगे की आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।

महिला एवं बाल अपराधों के खिलाफ सख्त रुख
हरिद्वार पुलिस की इस कार्रवाई को महिला एवं बाल अपराधों के मामलों में त्वरित कार्रवाई के रूप में देखा जा रहा है। नाबालिग से जुड़े मामलों में पुलिस द्वारा साक्ष्यों के संकलन, पीड़िता की सुरक्षा और कानूनी प्रक्रिया को प्राथमिकता दिए जाने की बात कही गई है।

पुलिस की ओर से स्पष्ट किया गया है कि महिला एवं बाल अपराधों में संलिप्त आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम

  • उ0नि0 ममता मखलोगा
  • हे0का0 अरविन्द कुमार
  • कानि0 देवेश कुमार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed

error: Content is protected !!