पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमेश पोखरियाल निशंक ने किया उद्घाटन…

हरिद्वार, 17 नवंबर 2026।
हरिद्वार के शिवालिक नगर स्थित डी-क्लस्टर में अंतरराष्ट्रीय पावरलिफ्टर एवं तीलू रौतेली पुरस्कार से सम्मानित संगीता राणा द्वारा स्थापित ‘संगीता राणा चैंपियंस जिम’ का मंगलवार को भव्य शुभारंभ किया गया। जिम का उद्घाटन भारत के पूर्व शिक्षा मंत्री एवं उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमेश पोखरियाल निशंक ने रिबन काटकर किया। इस अवसर पर उन्होंने संगीता राणा की पहल की सराहना करते हुए कहा कि आज के युवाओं के लिए खेल, व्यायाम और शारीरिक स्वास्थ्य का विशेष महत्व है।

डॉ. निशंक ने कहा कि हरिद्वार की बेटी संगीता राणा ने अपनी अंतरराष्ट्रीय खेल उपलब्धियों को केवल व्यक्तिगत सफलता तक सीमित नहीं रखा, बल्कि युवाओं को स्वस्थ, सशक्त और अनुशासित बनाने की दिशा में सराहनीय कदम उठाया है। उन्हें विश्वास है कि यह जिम क्षेत्र की युवा प्रतिभाओं को अपनी क्षमता निखारने और खेलों में आगे बढ़ने का बेहतर मंच प्रदान करेगा। इसके माध्यम से युवा राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्तराखंड और देश का नाम रोशन कर सकेंगे।

कार्यक्रम में रानीपुर विधायक आदेश चौहान ने कहा कि सरकार खेल और खिलाड़ियों को लगातार बढ़ावा दे रही है। एक स्वस्थ व्यक्ति ही देश का आदर्श नागरिक बनने की क्षमता रखता है। उन्होंने कहा कि संगीता राणा ने अपनी अंतरराष्ट्रीय उपलब्धियों के माध्यम से यह साबित किया है कि मेहनत, लगन और अनुशासन से किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है।

इस अवसर पर युवा योगाचार्या, लेखिका, खिलाड़ी एवं कवयित्री चेतन्या सिखोला ने गैर-ओलंपिक खेलों के खिलाड़ियों को भी ओलंपिक खेलों के खिलाड़ियों की तरह सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग उठाई। उन्होंने कहा कि पावरलिफ्टिंग जैसे खेलों में देश का नाम रोशन करने वाले खिलाड़ियों को बेहतर खेल उपकरण, अभ्यास की सुविधाएं और सेवायोजन के अवसर मिलने चाहिए, ताकि उनकी प्रतिभा को उचित सम्मान और प्रोत्साहन मिल सके।

जिम की संस्थापक एवं अंतरराष्ट्रीय पावरलिफ्टर संगीता राणा ने बताया कि आधुनिक मशीनों और सुविधाओं से सुसज्जित यह जिम केवल शारीरिक फिटनेस तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि यहां अंतरराष्ट्रीय स्तर के पावरलिफ्टर तैयार करने की दिशा में भी कार्य किया जाएगा। उनका उद्देश्य युवाओं को खेलों के प्रति प्रेरित करना और उन्हें बेहतर प्रशिक्षण का अवसर उपलब्ध कराना है।

कार्यक्रम का शुभारंभ रिबन काटने के बाद दीप प्रज्वलन एवं गणेश वंदना के साथ हुआ। कार्यक्रम संयोजक, कवि एवं चेतना पथ के संपादक अरुण कुमार पाठक ने अतिथियों का स्वागत करते हुए सभी का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का सफल संचालन श्रीजा त्रिपाठी ने किया।

इस अवसर पर बॉडी बिल्डिंग में विश्व विजेता कपिल गुज्जर, राज्यमंत्री दर्जा प्राप्त ओम प्रकाश जमदग्नि, डॉ. जयपाल सिंह, मनोज गौतम, समाजसेवी जगदीश लाल पाहवा, कवि अरविन्द दुबे, उद्यमी अरुणा वशिष्ठ, वरिष्ठ पत्रकार डॉ. राधिका नागरथ, सुनील दत्त दुबे, वंदना आर्य, कुलदीप शर्मा , मनोज ठाकुर , कमल शर्मा, आशुतोष शर्मा, रंजीता झा, संजीव चौधरी, रीना तोमर, बबीता योगाचार्या, डॉ. प्रिया आहूजा, वृंदा वाणी, मुकेश राणा, सुखपाल सिंह राणा तथा एसडीएम (काशीपुर) राहुल सिंह सहित समाज के विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

‘संगीता राणा चैंपियंस जिम’ का शुभारंभ क्षेत्र के युवाओं को फिटनेस, अनुशासन और खेलों के प्रति प्रेरित करने की दिशा में एक नई शुरुआत माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!