एचआईवी संक्रमण से बचाव के लिए जागरूकता और समय पर जांच जरूरी : डॉ. हेमंत खर्कवाल

नशे की लत युवाओं के भविष्य के साथ परिवार और समाज को भी करती है प्रभावित : इंस्पेक्टर शांति कुमार

हरिद्वार, 17 नवंबर 2026।
उत्तराखंड संस्कृत विश्वविद्यालय, हरिद्वार में छात्र-छात्राओं को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने और समाज में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से एचआईवी जागरूकता एवं नशामुक्ति अभियान के अंतर्गत विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विशेषज्ञ वक्ताओं ने विद्यार्थियों को एचआईवी संक्रमण, उसके कारणों, बचाव के उपायों तथा नशे के शारीरिक, मानसिक और सामाजिक दुष्परिणामों के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी। वक्ताओं ने युवाओं से स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, नशे से दूर रहने और समाज में जागरूकता फैलाने की अपील की।

कार्यक्रम में इंस्पेक्टर श्री शांति कुमार, प्रभारी ENTF तथा टीवी हॉस्पिटल, हरिद्वार के डॉ. हेमंत खर्कवाल ने मुख्य वक्ता के रूप में प्रतिभाग किया। डॉ. हेमंत खर्कवाल ने एचआईवी (HIV) संक्रमण से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां साझा करते हुए बताया कि एचआईवी संक्रमण के कारण क्या हैं, यह किन माध्यमों से फैलता है और इससे बचाव के लिए किन सावधानियों का पालन करना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि एचआईवी को लेकर समाज में फैली भ्रांतियों को दूर करना बेहद जरूरी है। सही जानकारी, सुरक्षित व्यवहार, समय पर जांच और उचित चिकित्सकीय परामर्श के माध्यम से संक्रमण के जोखिम को कम किया जा सकता है।

उन्होंने विद्यार्थियों को समझाया कि एचआईवी के प्रति भय और भेदभाव के बजाय जागरूकता, संवेदनशीलता और वैज्ञानिक दृष्टिकोण अपनाने की आवश्यकता है। साथ ही उन्होंने स्वास्थ्य संबंधी किसी भी आशंका की स्थिति में योग्य चिकित्सक से परामर्श लेने और जांच कराने के महत्व पर भी प्रकाश डाला।

वहीं, इंस्पेक्टर शांति कुमार ने युवाओं को नशे के बढ़ते दुष्प्रभावों के प्रति सचेत करते हुए कहा कि नशा व्यक्ति के जीवन को धीरे-धीरे अंधकार की ओर ले जाता है। इसकी लत न केवल व्यक्ति के शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य को नुकसान पहुंचाती है, बल्कि परिवार की खुशहाली, सामाजिक प्रतिष्ठा और भविष्य की संभावनाओं को भी प्रभावित करती है। उन्होंने नशे के विभिन्न प्रकारों, उनके दुष्परिणामों तथा युवाओं के जीवन पर पड़ने वाले नकारात्मक प्रभावों के बारे में विस्तार से जानकारी दी।

उन्होंने विद्यार्थियों से अपील की कि वे किसी भी प्रकार के नशे से दूर रहें और अपने मित्रों एवं आसपास के लोगों को भी इसके दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करें। उन्होंने कहा कि युवा देश का भविष्य हैं और उनकी ऊर्जा का उपयोग शिक्षा, खेल, रचनात्मक गतिविधियों तथा राष्ट्र निर्माण में होना चाहिए। नशामुक्त समाज के निर्माण में युवाओं की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है।

स्वास्थ्य परीक्षण के लिए एकत्र किए रक्त के नमूने
कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं ने दोनों विशेषज्ञ वक्ताओं की जानकारियों को गंभीरता और उत्सुकता के साथ सुना। विद्यार्थियों ने एचआईवी संक्रमण से बचाव, स्वास्थ्य संबंधी सावधानियों और नशामुक्त जीवन के महत्व को समझते हुए स्वयं जागरूक रहने तथा अपने परिवार और समाज में भी जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया। इस अवसर पर स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा छात्र-छात्राओं के स्वास्थ्य परीक्षण एवं आवश्यक जांच के उद्देश्य से रक्त के नमूने भी एकत्रित किए गए।

विश्वविद्यालय में आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को केवल स्वास्थ्य संबंधी जानकारी देना ही नहीं, बल्कि उन्हें सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति भी जागरूक बनाना रहा। इस तरह के जागरूकता कार्यक्रम युवाओं को सही दिशा देने, स्वास्थ्य के प्रति सजग बनाने और नशामुक्त समाज के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

इस अवसर पर विभागाध्यक्ष डॉ. प्रकाश पंत, प्रोफेसर बिन्दुमती द्विवेदी एवं डॉ. सुमन प्रसाद भट्ट सहित विश्वविद्यालय के अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। कार्यक्रम में खीमेश परगांई, अभिषेक सेमेल्टी, विनोद कुमारी, त्रिशा अत्री सहित अन्य लोग भी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!