शिक्षक दिवस पर सभी विद्यालयों में चलेगा “एक पेड़ गुरु के नाम” अभियान, कुंभ के मद्देनजर विकसित होंगी ऑक्सीजन लेन…
हरिद्वार, 02 सितंबर 2026
जनपद में हरित क्षेत्र को बढ़ावा देने और पर्यावरण संरक्षण को गति देने के उद्देश्य से संचालित हरित हरिद्वार अभियान की अवधि बढ़ाकर अब 15 सितंबर 2026 कर दी गई है। मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र की अध्यक्षता में आयोजित समीक्षा बैठक में मानसून अवधि समाप्त होने से पूर्व अधिक से अधिक पौधारोपण कराने के लिए संबंधित विभागों को मिशन मोड में कार्य करने के निर्देश दिए गए।
मेलाधिकारी कुंभ श्रीमती सोनिका एवं जिलाधिकारी मयूर दीक्षित की पहल पर चलाए जा रहे अभियान के तहत ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में व्यापक स्तर पर पौधारोपण किया जाएगा। मुख्य विकास अधिकारी ने सभी संबंधित विभागों को लक्ष्य निर्धारित कर अभियान को गति देने तथा आमजन की अधिकाधिक भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में वन विभाग एवं एचआरडीए के अधिकारियों ने बताया कि जनपद में सजावटी एवं विभिन्न वन प्रजातियों के पर्याप्त पौधे उपलब्ध हैं। इन पौधों को आवश्यकता के अनुसार विभिन्न विभागों को उपलब्ध कराया जाएगा, ताकि अभियान को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाया जा सके।
ग्रामीण क्षेत्रों में जिला पंचायत राज विभाग तथा शहरी क्षेत्रों में नगर निकायों के माध्यम से पौधारोपण अभियान को गति देने के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया, ताकि पर्यावरण संरक्षण को जनअभियान का स्वरूप दिया जा सके।
शिक्षक दिवस पर विशेष अभियान
05 सितंबर शिक्षक दिवस के अवसर पर जिले के सभी विद्यालयों में “एक पेड़ गुरु के नाम” अभियान के तहत विशेष पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। मुख्य विकास अधिकारी ने मुख्य शिक्षा अधिकारी को सभी विद्यालयों में पौधारोपण सुनिश्चित करने तथा संबंधित विभागों के समन्वय से पर्याप्त संख्या में पौधों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
कुंभ मेले के मद्देनजर विकसित होंगी ऑक्सीजन लेन
आगामी कुंभ मेले को ध्यान में रखते हुए नगर क्षेत्रों में पर्यावरणीय दृष्टि से उपयोगी आंवला, पीपल, नीम और बरगद जैसी प्रजातियों के पौधों का रोपण कर ऑक्सीजन लेन विकसित करने की योजना पर भी चर्चा की गई। अधिकारियों का मानना है कि इससे हरिद्वार के शहरी क्षेत्रों में हरित आवरण बढ़ाने के साथ-साथ आगामी बड़े आयोजनों के दौरान पर्यावरण संरक्षण को भी मजबूती मिलेगी।
मुख्य विकास अधिकारी ने निर्देश दिए कि अभियान के तहत किए जाने वाले प्रत्येक पौधारोपण की जानकारी और संबंधित फोटो “हरित हरिद्वार एप” पर अनिवार्य रूप से अपलोड की जाए, जिससे अभियान की प्रगति की ऑनलाइन निगरानी की जा सके और पौधारोपण कार्य में पारदर्शिता बनी रहे।
बैठक में जिला प्रोवेशन अधिकारी अविनाश भदौरिया, जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी नलिनी ध्यानी, मुख्य उद्यान अधिकारी तेजपाल सिंह सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।