हरिद्वार,19 नवंबर ।
पुलिस की संवेदनशीलता, तत्परता और मानवीय प्रयासों की एक सराहनीय मिसाल हरिद्वार में देखने को मिली। प्रयागराज कुंभ मेले में अपने परिवार से बिछड़े बिहार निवासी एक बुजुर्ग को हरिद्वार पुलिस ने दो साल बाद सकुशल बरामद कर उनके परिजनों से मिला दिया। दो वर्षों से पिता की तलाश में भटक रहे परिवार को जब उनके जीवित और सुरक्षित होने की खबर मिली तो खुशियों के आंसू छलक पड़े। वीडियो कॉल पर पिता को देखते ही बेटा भावुक हो गया और रोने लगा।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह के नेतृत्व में हरिद्वार पुलिस द्वारा चलाए जा रहे सत्यापन अभियान के दौरान यह मानवीय सफलता मिली। एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट (AHTU) और कोतवाली पिरान कलियर पुलिस की संयुक्त टीम को कलियर शरीफ स्थित मजार परिसर में जूता स्टॉल के पास करीब 65 वर्षीय एक बुजुर्ग व्यक्ति मिले। बुजुर्ग आने-जाने वाले लोगों से खाने-पीने की वस्तुएं और पैसे मांग रहे थे।
पुलिस टीम ने उनसे पूछताछ की तो उन्होंने बताया कि वह बिहार के जिला औरंगाबाद, थाना कुटुम्बा क्षेत्र के निवासी हैं और प्रयागराज कुंभ में गांव के लोगों के साथ स्नान करने गए थे। इसी दौरान वह अपने परिवार से बिछड़ गए थे। इसके बाद से ही वह इधर-उधर भटकते हुए जीवन गुजार रहे थे।
बुजुर्ग की बात सुनकर पुलिस टीम ने संवेदनशीलता दिखाते हुए उनके बताए पते की तस्दीक कराई और बिहार के कुटुम्बा थाना प्रभारी से संपर्क साधा। बुजुर्ग का नाम और फोटो भेजकर परिजनों की जानकारी जुटाई गई। इसके बाद पुलिस ने उनके परिवार से संपर्क स्थापित कर वीडियो कॉल के माध्यम से बातचीत कराई।
वीडियो कॉल पर जैसे ही बेटे अंकित ने अपने पिता को देखा, उसकी आंखों से आंसू छलक पड़े। उसने भावुक होकर पुलिस को बताया कि यही उसके पिता हैं, जो दो साल पहले प्रयागराज कुंभ में गांव के लोगों के साथ स्नान करने गए थे और वहीं से लापता हो गए थे। परिवार लगातार उनकी तलाश कर रहा था, लेकिन कोई सुराग नहीं मिल पा रहा था।
पिता के मिलने की खबर मिलते ही बेटा अंकित तत्काल ट्रेन से हरिद्वार पहुंचा और वहां से कलियर आया। दो साल बाद पिता को सामने देखकर बेटा उनसे लिपटकर रो पड़ा। इस भावुक मिलन ने वहां मौजूद पुलिसकर्मियों को भी भावुक कर दिया। बेटे ने हरिद्वार पुलिस की कार्यशैली और मानवीय संवेदनशीलता की सराहना करते हुए पूरी पुलिस टीम का आभार जताया।
पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई के बाद बुजुर्ग को केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) में उप निरीक्षक के पद पर तैनात उनके बेटे अंकित और अन्य परिचितों के सुपुर्द कर दिया। साथ ही परिजनों को बुजुर्ग का विशेष ध्यान रखने की सलाह दी।
इस पूरे अभियान में AHTU और कलियर पुलिस की संयुक्त टीम की अहम भूमिका रही। हरिद्वार पुलिस का यह प्रयास एक बार फिर साबित करता है कि पुलिस का दायित्व केवल कानून-व्यवस्था बनाए रखना ही नहीं, बल्कि बिछड़ों को अपनों से मिलाकर मानवता और विश्वास की मिसाल कायम करना भी है।
संयुक्त पुलिस टीम में शामिल सदस्य:
- कॉन्स्टेबल मुकेश कुमार – AHTU
- एसएसआई रमेश सैनी – कलियर
- एसआई विनोद गोला – कलियर
- हेड कांस्टेबल जमशेद – कलियर
- हेड कांस्टेबल बी.आर. वर्मा – कलियर
- हेड कांस्टेबल रविन्द्र सिंह – कलियर
- कॉन्स्टेबल जितेंद्र – कलियर
हरिद्वार पुलिस की इस सराहनीय पहल ने दो साल से बिछड़े परिवार को फिर से खुशियां लौटा दीं।