हरिद्वार,28 नवंबर ।
कनखल क्षेत्र के ग्राम जियापोता में एक हार्डवेयर की दुकान में चोरी की साजिश को जागरूक स्थानीय लोगों ने अपनी सतर्कता से नाकाम कर दिया। दुकान की छत पर सब्बल और आरी लेकर पहुंचे दो संदिग्धों को लोगों ने रंगे हाथों पकड़ने का प्रयास किया। इस दौरान एक आरोपी घायल हो गया, जबकि दूसरा अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।
जानकारी के अनुसार, मिस्सरपुर निवासी विराज सैनी की ग्राम जियापोता में हार्डवेयर की दुकान है। शनिवार सुबह पड़ोसियों ने उन्हें सूचना दी कि दो संदिग्ध व्यक्ति उनकी दुकान की छत पर सब्बल और आरी लेकर खड़े हैं और दुकान में चोरी करने की फिराक में हैं। सूचना मिलते ही विराज सैनी अपने साथियों के साथ मौके पर पहुंचे।
लोगों को आता देख दोनों संदिग्धों ने भागने के लिए छत से छलांग लगा दी। इस दौरान एक आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया, जबकि दूसरा घायल होकर लोगों के हत्थे चढ़ गया।
सूचना पर जगजीतपुर पुलिस चौकी की टीम मौके पर पहुंची और पकड़े गए आरोपी को हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने मौके से एक दोमुंही सब्बल, सरिया काटने की आरी और दो सीढ़ियां भी बरामद की हैं।
पुलिस के अनुसार, मामले में कोतवाली कनखल में मुकदमा दर्ज किया गया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान धर्मवीर पुत्र स्वर्गीय जयपाल, निवासी टोडा कल्याणपुर, कोतवाली रुड़की, हरिद्वार के रूप में हुई है।
पुलिस गिरफ्तार आरोपी को आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद न्यायालय में पेश कर रही है, जबकि फरार दूसरे आरोपी की तलाश में पुलिस टीम जुटी हुई है।
जागरूक नागरिकों की सतर्कता से टली चोरी की वारदात, पुलिस फरार आरोपी की तलाश में जुटी।