हरिद्वार, 29 अक्टूबर।
अर्धकुम्भ 2027 की तैयारियों के बीच धनौरी नदी पर निर्माणाधीन पुल को लेकर विभागीय सक्रियता तेज हो गई है। श्रद्धालुओं की सुगम आवाजाही और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के उद्देश्य से अधीक्षण अभियंता श्री मनोज कुमार भट्ट ने बुधवार को निर्माणाधीन पुल का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता की जांच की और कार्य की प्रगति का जायजा लिया।
निरीक्षण के बाद अधीक्षण अभियंता मनोज कुमार भट्ट ने बताया कि कुंभ से जुड़े निर्माण कार्यों की लगातार निगरानी की जा रही है। इसी क्रम में धनौरी नदी पर बन रहे पुल का निरीक्षण कर निर्माण की गुणवत्ता परखी गई है। उन्होंने कहा कि पुल का निर्माण निर्धारित समयावधि में गुणवत्ता के साथ पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
अर्धकुम्भ से पहले तैयार होंगे महत्वपूर्ण पुल और सड़कें
अर्धकुम्भ 2027 में देश-विदेश से लाखों श्रद्धालुओं के हरिद्वार पहुंचने की संभावना को देखते हुए सड़क और पुलों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण मानी जा रही है। ऐसे में धनौरी नदी पर बन रहा यह पुल क्षेत्र की कनेक्टिविटी और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने में अहम साबित हो सकता है।
विभाग का लक्ष्य है कि अर्धकुम्भ से पहले सभी महत्वपूर्ण पुलों और सड़कों का निर्माण पूरा कर लिया जाए, ताकि श्रद्धालुओं को आवागमन में किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।
अब निगाहें निर्माण कार्य की रफ्तार और तय समयसीमा पर टिकी हैं। पुल निर्धारित समय पर तैयार होता है या नहीं? , यह आने वाले दिनों में स्पष्ट होगा। फिलहाल विभाग ने गुणवत्ता के साथ समयबद्ध निर्माण पूरा करने का भरोसा जताया है।