हरिद्वार,18 नवंबर ।
उत्तराखंड की बेटी अंकिता भंडारी को न्याय दिलाने की मांग को लेकर उनके माता-पिता ने एक बार फिर अपनी आवाज बुलंद की। इसी क्रम में अंकिता के माता-पिता हरिद्वार स्थित मातृ सदन पहुंचे, जहां उन्होंने स्वामी शिवानंद जी से मुलाकात कर अपनी पीड़ा व्यक्त की और न्याय की लड़ाई में सहयोग का आग्रह किया।
मीडिया से बातचीत के दौरान माता-पिता ने विनोद आर्य द्वारा की गई प्रेसवार्ता पर सवाल उठाते हुए इसे साजिश का हिस्सा बताया। उन्होंने आरोप लगाया कि उनकी बेटी को बदनाम करने का प्रयास किया जा रहा है और उनके परिवार के खिलाफ गलत माहौल तैयार किया जा रहा है।
माता-पिता ने कहा कि वे न्याय की मांग को लेकर मुख्यमंत्री से लेकर प्रधानमंत्री तक अपनी गुहार लगा चुके हैं, लेकिन अब तक उन्हें संतोषजनक न्याय नहीं मिल पाया है। उन्होंने मांग की कि सीबीआई जांच के दौरान विनोद आर्य के मोबाइल फोन की भी जांच की जाए, ताकि मामले से जुड़े तथ्यों की निष्पक्षता से पड़ताल हो सके।
वहीं, मातृ सदन के स्वामी शिवानंद जी ने अंकिता के माता-पिता को हर संभव सहयोग और जांच प्रक्रिया में सहायता का आश्वासन दिया।
नोट: खबर में विनोद आर्य के संबंध में लगाए गए आरोप अंकिता भंडारी के माता-पिता के बयानों पर आधारित हैं। इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि तथा संबंधित पक्ष का आधिकारिक पक्ष सामने आना बाकी है।
गंगा न्यूज़ 24 | हरिद्वार