5 लाख रुपये तक जुर्माने और संस्थान सील करने की चेतावनी, बच्चों की आधुनिक शिक्षा पर दिया जोर
हरिद्वार, 17 नवंबर 2026।
उत्तराखंड में मदरसों की शिक्षा व्यवस्था को नियमों के दायरे में लाने और बच्चों की औपचारिक शिक्षा सुनिश्चित करने के लिए उत्तराखंड राज्य अल्पसंख्यक शिक्षा प्राधिकरण ने निरीक्षण अभियान तेज कर दिया है। इसी क्रम में प्राधिकरण के अध्यक्ष डॉ. सुरजीत सिंह गांधी ने जिला अल्पसंख्यक कल्याण विभाग के अधिकारियों के साथ हरिद्वार के विभिन्न क्षेत्रों में संचालित 7 मदरसों और 3 मकतबों का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान बिजौली, नगला इमरती, लादपुर खुर्द, लादपुर कला, ज़ैनपुर और मख्याली खुर्द क्षेत्र के शिक्षण संस्थानों की व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। इस दौरान बिना मान्यता संचालित पाए गए मदरसों को नोटिस जारी किए गए। वहीं, शिक्षा विभाग से मान्यता प्राप्त होने के बावजूद धार्मिक शिक्षा के संचालन के लिए प्राधिकरण से संबद्धता नहीं लेने वाले संस्थानों को भी निर्धारित प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश दिए गए।

डॉ. गांधी ने मकतब संचालकों को स्पष्ट निर्देश दिए कि वहां आने वाले प्रत्येक बच्चे का अनिवार्य रूप से रिकॉर्ड रखा जाए। साथ ही मकतबों का संचालन विद्यालय समय के बाद ही किया जाए और यह सुनिश्चित किया जाए कि प्रत्येक बच्चा किसी न किसी मान्यता प्राप्त विद्यालय में नियमित रूप से पढ़ाई कर रहा हो, ताकि उसकी औपचारिक शिक्षा प्रभावित न हो।
प्राधिकरण ने नियमों की अनदेखी करने वाले संस्थानों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के संकेत भी दिए। अधिकारियों ने बताया कि नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर 5 लाख रुपये तक जुर्माना और संस्थान को सील करने तक का प्रावधान है। जिन संस्थानों की मान्यता संबंधी फाइलें शिक्षा विभाग में लंबित हैं, उनके मामलों में भी तत्काल कार्रवाई कर पात्र संस्थानों को जल्द मान्यता देने के निर्देश दिए गए।
इस अवसर पर डॉ. सुरजीत सिंह गांधी ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का संकल्प है कि प्रदेश का हर बच्चा गुणवत्तापूर्ण और आधुनिक शिक्षा प्राप्त कर विकास की मुख्यधारा से जुड़े। इसी उद्देश्य से प्राधिकरण धार्मिक एवं सांस्कृतिक शिक्षा के साथ विज्ञान, गणित, अंग्रेजी, तकनीकी और कौशल आधारित शिक्षा को बढ़ावा देने की दिशा में काम कर रहा है।
उन्होंने मदरसा एवं मकतब संचालकों से अपील की कि वे प्राधिकरण के उद्देश्यों में सहयोग करें और बच्चों को आधुनिक शिक्षा से जोड़ें, ताकि उनका भविष्य बेहतर और सुरक्षित बन सके।
निरीक्षण में जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह रावत एवं सहायक जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी बाबी कुमार भी मौजूद रहे।