कालसी के कचटा गांव में सनसनी, पुलिस और राजस्व विभाग की टीम ने घटनास्थल का किया निरीक्षण
देहरादून, 9 अक्टूबर ।
देहरादून जिले की कालसी तहसील के कचटा गांव में घरेलू विवाद के बाद एक पति द्वारा अपनी पत्नी की धारदार हथियार से हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। वारदात के बाद आरोपी पति मौके से फरार हो गया। घटना से पूरे गांव में सनसनी फैल गई, जबकि परिवार के लोग दहशत में हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कचटा गांव निवासी 25 वर्षीय मनोज की शादी करीब पांच वर्ष पहले 23 वर्षीय नीलम से हुई थी। बताया जा रहा है कि शुरुआती वर्षों में दोनों का वैवाहिक जीवन सामान्य रहा, लेकिन बाद में उनके बीच आए दिन विवाद होने लगे थे।
बुधवार को भी किसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि इसी दौरान मनोज ने घर में रखे धारदार हथियार, पाठल (दरांती), से नीलम पर हमला कर दिया।
नीलम की चीख-पुकार सुनकर परिजन और रिश्तेदार मौके पर पहुंचे। आरोप है कि मनोज ने उन्हें धमकाकर वहां से जाने को कहा और इसके बाद नीलम पर दोबारा हमला कर दिया। गंभीर चोटों के कारण नीलम की मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी पत्नी के शव को आंगन में छोड़कर फरार हो गया।
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची टीम
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और राजस्व विभाग की टीम घटनास्थल पर पहुंची। एसडीएम कालसी प्रेम लाल के नेतृत्व में पहुंची टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को कब्जे में लिया और पंचनामा भरने के बाद पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।
आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस
घटना के बाद से आरोपी मनोज फरार बताया जा रहा है। उसकी तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। इस हृदयविदारक घटना ने क्षेत्र में दहशत और शोक का माहौल पैदा कर दिया है।
फिलहाल पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है। आरोपी की गिरफ्तारी और जांच के बाद ही घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।