उत्तराखंड के उधमसिंह नगर जिले में गुरुवार दिनांक 9 अप्रैल रात एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। सितारगंज क्षेत्र के अमरिया रोड स्थित मलपुरी के पास तेज रफ्तार डंपर ने एक रेहड़ी (जुगाड़ वाहन) को जोरदार टक्कर मार दी, जिसमें दो सगे भाइयों समेत तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक 15 वर्षीय किशोर गंभीर रूप से घायल हो गया।

कैसे हुआ हादसा ?
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, रात करीब करीब 8 :30 बजे रेहड़ी सड़क पर जा रही थी, तभी अचानक तेज रफ्तार डंपर ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि रेहड़ी पूरी तरह चकनाचूर हो गई और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

मृतकों की पहचान :-
हादसे में जान गंवाने वाले युवकों की पहचान शादाब, नाजिम और सुल्तान के रूप में हुई है। ये सभी गौरीखेड़ा के निवासी थे। शादाब और नाजिम सगे भाई थे। घटना की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।

घायल किशोर की हालत गंभीर :-
रेहड़ी में सवार एक 15 वर्षीय किशोर गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे तुरंत सितारगंज के सरकारी अस्पताल ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत नाजुक देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है।

चालक फरार, पुलिस जांच में जुटी :-
हादसे के बाद डंपर चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। अज्ञात वाहन और चालक की तलाश जारी है।

अस्पताल में परिजनों का आक्रोश :-
घटना के बाद अस्पताल में परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा। उन्होंने आरोपी चालक की जल्द गिरफ्तारी की मांग की। मौके पर पहुंचे सीओ भूपेंद्र सिंह धोनी ने परिजनों को आश्वासन दिया कि पुलिस तेजी से जांच कर रही है और जल्द ही आरोपी को पकड़ लिया जाएगा।

इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर तेज रफ्तार और लापरवाही से ड्राइविंग के खतरों को उजागर कर दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!