हरिद्वार । 26 अप्रैल 2026
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आर.के. सिंह ने पेंशनर्स और वरिष्ठ नागरिकों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए अस्पतालों को विशेष निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने कहा कि पेंशनर्स के निदान और उपचार में प्राथमिकता सुनिश्चित की जाए तथा उन्हें किसी भी प्रकार की असुविधा न हो। साथ ही सभी अस्पतालों में पेंशनर्स के लिए पांच बेड आरक्षित रखने की घोषणा भी की गई।

डॉ. आर.के. सिंह गवर्नमेंट पेंशनर्स वेलफेयर ऑर्गेनाइजेशन (जीपीडब्ल्यूओ) की सम्मान सभा में मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित कर रहे थे। यह कार्यक्रम स्थानीय मेला चिकित्सालय में जीपीडब्ल्यूओ के अध्यक्ष बी.पी. चौहान की अध्यक्षता एवं महामंत्री जे.पी. चाहर के संचालन में आयोजित हुआ।

सभा में जिला चिकित्सालय के प्रमुख अधीक्षक डॉ. आर.वी. सिंह, मेला चिकित्सालय के मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजेश कुमार, उप जिला चिकित्सालय रुड़की के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. ए.के. मिश्रा तथा नेत्र सर्जन डॉ. एस.के. सोनी विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
अस्पतालों के अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि वरिष्ठ नागरिक श्रेणी के पेंशनर्स को पंजीकरण से लेकर औषधि प्राप्ति तक सभी सेवाएं प्राथमिकता के आधार पर उपलब्ध कराई जाएंगी। किसी भी असुविधा की स्थिति में सीधे संबंधित अधिकारियों से संपर्क करने की अपील भी की गई।

नेत्र सर्जन डॉ. एस.के. सोनी ने गर्मी के मौसम और बढ़ती उम्र में आंखों की समस्याओं तथा नेत्र रोगों से बचाव और उपचार के बारे में विस्तार से जानकारी दी।

बैठक के दौरान एक दर्जन पेंशनर्स ने संगठन की सदस्यता ग्रहण की और सामूहिक जन्मदिन भी मनाया गया। पेंशनर्स द्वारा स्वास्थ्य विभाग के सभी अधिकारियों का बैज अलंकरण, माल्यार्पण, अंगवस्त्र एवं प्रतीक चिन्ह भेंट कर सम्मान किया गया। साथ ही संगठन के रजत महोत्सव की समीक्षा भी की गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!