हरिद्वार, 22 अगस्त 2026।
धर्मनगरी हरिद्वार में रविवार को आयोजित होने वाले ऐतिहासिक मुलतान जोत महोत्सव को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। देशभर से लाखों श्रद्धालुओं के हरिद्वार पहुंचने की संभावना है। श्रद्धालु भव्य जुलूस के रूप में हरकी पैड़ी पहुंचकर मां गंगा की आराधना करेंगे और दूध की होली खेलते हुए पवित्र गंगा में जोत प्रवाहित करेंगे।

प्रेस क्लब हरिद्वार में आयोजित पत्रकार वार्ता में अखिल भारतीय मुलतान संगठन के अध्यक्ष डॉ. महेंद्र नागपाल ने महोत्सव की तैयारियों और कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मुलतान जोत महोत्सव को लेकर शहर को भव्य रूप से सजाया गया है। विभिन्न स्थानों पर आकर्षक तोरण द्वार बनाए गए हैं, जो श्रद्धालुओं के स्वागत का केंद्र बने हुए हैं।

उन्होंने बताया कि महोत्सव के दौरान शहर के विभिन्न स्थानों पर सुंदरकांड पाठ, हवन, पूजा-अर्चना और प्रसाद वितरण सहित धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। देश के अलग-अलग हिस्सों से आने वाले श्रद्धालु इन आयोजनों में शामिल होकर धार्मिक अनुष्ठानों में भाग लेंगे।

भव्य जुलूस के साथ हरकी पैड़ी पहुंचेंगे श्रद्धालु
मुलतान जोत महोत्सव का मुख्य आकर्षण श्रद्धालुओं का भव्य जुलूस रहेगा। जुलूस के रूप में श्रद्धालु हरकी पैड़ी पहुंचेंगे, जहां मां गंगा की पूजा-अर्चना के बाद दूध की होली खेली जाएगी। इसके पश्चात श्रद्धालु श्रद्धा और आस्था के साथ गंगा में जोत प्रवाहित करेंगे।

डॉ. महेंद्र नागपाल ने कहा कि यह आयोजन धार्मिक आस्था, परंपरा और सामाजिक एकजुटता का प्रतीक है। महोत्सव में देश के विभिन्न राज्यों से आने वाले श्रद्धालुओं के कारण हरिद्वार में विशेष उत्साह का माहौल है।

कई प्रमुख अतिथि होंगे शामिल
महोत्सव में कई प्रमुख राजनीतिक, सामाजिक और धार्मिक हस्तियों के शामिल होने की भी संभावना है। आयोजकों के अनुसार असम के पूर्व राज्यपाल जगदीश मुखी, भाजपा महामंत्री एवं राज्यसभा सांसद तरुण चुघ तथा कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक समेत अनेक अतिथि और गणमान्य लोग कार्यक्रम में शामिल होंगे।

आयोजकों ने बताया कि श्रद्धालुओं की सुविधा और आयोजन को व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। शहर में विभिन्न स्थानों पर धार्मिक आयोजन होने के साथ ही मुख्य कार्यक्रम को लेकर भी विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं।

पत्रकार वार्ता में ओमप्रकाश अरोड़ा, रतनदेव चावला, सतपाल अरोड़ा सहित अखिल भारतीय मुलतान संगठन के कई पदाधिकारी मौजूद रहे। संगठन पदाधिकारियों ने श्रद्धालुओं से महोत्सव में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर धार्मिक आयोजन को सफल बनाने की अपील की।
रविवार को हरकी पैड़ी पर होने वाला यह आयोजन एक बार फिर धर्मनगरी हरिद्वार में आस्था, परंपरा और श्रद्धा का विशाल संगम देखने को मिलेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed

error: Content is protected !!